महासमुन्द

7 दिनों में साढ़े 3 करोड़ का गांजा जब्त , 31 तस्कर बंदी
26-Sep-2026 4:39 PM
 7 दिनों में साढ़े 3 करोड़ का गांजा जब्त , 31 तस्कर बंदी

11 वाहन बरामद,  गिरफ्तार आरोपियों में 22 अन्य राज्यों के

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 सितम्बर। ओडिशा सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने बीते 7 दिनों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल 12 मामलों में कार्रवाई करते हुए 699.60 किलोग्राम (लगभग 7 क्विंटल) गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त 11 वाहन (कंटेनर, ट्रक, कार व बाइक) भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 80 लाख रुपये है। पुलिस ने कुल 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 9 छत्तीसगढ़ के और 22 अन्य राज्यों के निवासी हैं।

विभिन्न थानों में हुई कार्रवाइयों का ब्यौरा 18 सितम्बर (सिंघोड़ा व सरायपाली): 2 मामलों में 46.515 किग्रा गांजा जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार। 19 सितम्बर (बसना):  1 मामले में 28.465 किग्रा गांजा जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार। 20 सितम्बर (सांकरा व महासमुंद):  2 मामलों में 200.250 किग्रा गांजा जब्त, 8 आरोपी गिरफ्तार। 21 सितम्बर (सिंघोड़ा व बसना): 2 मामलों में 56.760 किग्रा गांजा जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार।

23 सितम्बर (कोमाखान व बसना): 2 मामलों में 212.400 किग्रा गांजा जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार।

24 सितम्बर (कोमाखान, सिंघोड़ा व बसना): 3 मामलों में 155.210 किग्रा गांजा जब्त, 10 आरोपी गिरफ्तार।

25 सितम्बर को बसना पुलिस ने पलसापाली बैरियर के पास घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन से 35.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में दो आरोपियों उमेश गोरे (24 वर्ष, निवासी देवगांव, महाराष्ट्र) और बृजलाल साहू (38 वर्ष, निवासी पिथौरा, महासमुंद) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे ओडिशा के कालाहांडी से गांजा खरीदकर पुणे (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे। इस कार्रवाई में गांजा, बोलेरो और मोबाइल सहित कुल 22.90 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।


अन्य पोस्ट