महासमुन्द
22 लाख का माल बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 सितम्बर। सरायपाली पुलिस ने नकली होलोग्राम और छत्तीसगढ़ राज्य के फर्जी लेबल लगाकर बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कंटेनर, डस्टर कार और आरोपियों के ठिकानों से कुल 370 पेटी (3,229 लीटर) अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 15 हजार 120 रुपये बताई जा रही है। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सरायपाली पुलिस ने सबसे पहले एक डस्टर कार से 25 पेटी अंग्रेजी शराब (1,192 पौवा, कीमत लगभग 1.43 लाख रुपये) का अवैध परिवहन करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों की निशानदेही और मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 345 पेटी अंग्रेजी शराब और विभिन्न ब्रांड्स की 46 बोतलें बरामद कीं।
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश पटेल (45 वर्ष, निवासी भंवरचुआ, थाना बसना), अजित पटेल (29 वर्ष, निवासी कुटेला), अमित पटेल (32 वर्ष, निवासी कुटेला), विनय सिंह ठाकुर (51 वर्ष, निवासी वार्ड क्र. 39, रायगढ़), धीरज आहूजा (32 वर्ष, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा) हैं। मामले में जांच के दौरान फर्जी होलोग्राम और लेबल तैयार करने से संबंधित साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2) (संगठित अपराध), 338, 336(3), 340(4), 264, 266 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।