महासमुन्द

अंतरराज्यीय मानव तस्करी सिंडिकेट के 5 आरोपी बंदी
26-Sep-2026 4:20 PM
अंतरराज्यीय मानव तस्करी सिंडिकेट के 5 आरोपी बंदी

डेढ़ करोड़ कैश व नोट गिनने की मशीन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 सितम्बर। महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी कराने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महासमुंद और ओडिशा के नुआपाड़ा स्थित 10 ठिकानों पर संयुक्त छापेमारी कर 1.48 करोड़ रुपये से अधिक नकद, नोट गिनने की मशीन, विभिन्न मॉर्गेज स्टाम्प, 50 से अधिक रजिस्टर, पासबुक और मोबाइल जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि खल्लारी क्षेत्र की 15 वर्षीय नाबालिग पीडि़ता के परिवार ने पुलिस से संपर्क किया था। पीडि़ता के परिजनों ने जनवरी 2026 में आरोपी मुकेश चंद्राकर से 40 हजार रुपये का कर्ज लिया था। कर्ज न चुका पाने पर तस्करों ने परिवार को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी स्थित एक ईंट भ_े में बंधुआ मजदूर बनाकर भेज दिया, जहां उनसे प्रतिदिन 13 घंटे काम कराया जाता था। इसी दौरान भ_े पर पदस्थ जेसीबी चालक अनूप कुमार द्वारा नाबालिग के साथ रेप किए जाने का मामला सामने आया, जिससे वह गर्भवती हो गई। गांव लौटने पर परिजनों ने महासमुंद पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में  मुकेश चंद्राकर (50 वर्ष, निवासी ओडिशा), नसीम बानो (55 वर्ष, निवासी ओडिशा), नंदकुमार मोहंती उर्फ नंदू (52 वर्ष, निवासी महासमुंद) -इसके पास से 85 लाख रुपये नकद व दस्तावेज मिले। मनीष गुप्ता (32 वर्ष, निवासी बम्हनीडीह, महासमुंद), पीयूष अग्रवाल (37 वर्ष, निवासी पिथौरा) हैं।

पुलिस तफ्तीश के अनुसार, आरोपी पिथौरा और बागबाहरा के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में जाकर गरीब व अनपढ़ परिवारों को अग्रिम राशि का प्रलोभन देकर दूसरे राज्यों के गैर-पंजीकृत ईंट भ_ों में भेजते थे। जब्त 50 से अधिक रजिस्टरों से खुलासा हुआ है कि यह सिंडिकेट प्रतिवर्ष बिना अनुमति 2,000 से 5,000 ग्रामीणों को बंधुआ मजदूरी के लिए बाहर भेजता था।

आम आदमी पार्टी का सरकार पर हमला

घटना के बाद आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय यादव ने प्रेस बयान जारी कर राज्य सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महासमुंद जिला मानव तस्करी का केंद्र बनता जा रहा है और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट केवल कागजों पर काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि लापता लोगों की सुरक्षित वापसी और तस्करों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सडक़ से विधानसभा तक आंदोलन करेंगे।


अन्य पोस्ट