महासमुन्द

सेवा संकल्प अभियान: महासमुंद के 1793 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा आंगन मिलन कार्यक्रम
25-Sep-2026 4:07 PM
सेवा संकल्प अभियान: महासमुंद के 1793 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा आंगन मिलन कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

ंमहासमुंद,25सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महासमुंद जिले में व्यापक स्तर पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के 1793 आंगनबाड़ी केंद्रों में महिला मोर्चा की बहनें सक्रिय रूप से सहभागिता निभाएंगी और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी माताओं, बहनों एवं बच्चों के साथ संवाद स्थापित कर सेवा एवं जागरूकता का संदेश जन.जन तक पहुंचाएंगी। इस अभियान का उद्देश्य केवल आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचना ही नहीं, बल्कि समाज के उस महत्वपूर्ण वर्ग से सीधे संवाद स्थापित करना है, जहां से बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और महिलाओं से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण गतिविधियों की शुरुआत होती है।

जिला अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा महासमुंद स्मिता हितेश चंद्राकर ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि आंगन मिलन के माध्यम से हम आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े परिवारों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करेंगे और जागरूकता के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से महिला मोर्चा की कार्यकर्ता आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बच्चों के साथ आत्मीय वातावरण में संवाद करेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर आवश्यक जानकारी, जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।  बताया कि जिले के 1793 आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने वाला यह अभियान महिला मोर्चा के मंडल एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सहभागिता से व्यापक रूप लेगा।

जिले से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक महिला मोर्चा की बहनें इस अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी। स्मिता ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे जनसेवा की निरंतर भावना के रूप में आगे बढ़ाया जाए।


अन्य पोस्ट