महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 सितम्बर। महासमुंद जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और सर्द हवा के झोकों ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। लंबे समय से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है।
बुधवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। गुरुवार रात भर बारिश के बाद आज शुक्रवार सुबह 11 बजे समाचार लिखते तक बारशि जारी थी। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। जबकि कल दिनभर आसमान बादलों से ढका रहा। बारिश के कारण दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार महासमुंद में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनत्तम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो सामान्य दिनों की तुलना में कम है।
ठंडी हवाएं चलने से लोगों को भादो की उमस से राहत मिली है। कल गुरुवार सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रही। बीच-बीच में बारिश होने से सडक़ें भीगी रहीं और वातावरण में ठंडक घुल गई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं गरज चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। किसानों के लिए यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। धान की फसलों को नमी मिलने से खेतों में हरियाली बढ़ी है।