महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 सितंबर। महासमुंद जिले के बागबाहरा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1 (भानपुर) एवं आसपास के इलाकों में भालू की आवाजाही दर्ज की गई है। भालू के रिहाइशी क्षेत्रों में पहुंचने से स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा को लेकर वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को भालू नगर पालिका परिसर के पास स्थित भानपुर बस्ती में देखा गया। इसके बाद वह शीतला मंदिर तथा तुरियानंद आश्रम स्थित शिव मंदिर परिसर के आसपास पहुंचा।
बुधवार सुबह भालू ने आश्रम के शिव मंदिर के दरवाजे के निचले हिस्से को क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया और सामग्री बिखेर दी। इसके पश्चात भालू समीप ही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बने गणेश पंडाल की खाली जगह में बैठ गया। कुछ समय बाद भालू लोदन नाला की दिशा में चला गया। बुधवार शाम के बाद से भालू की नई जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले में बागबाहरा के रेंजर नवीन कुमार वर्मा ने बताया कि वर्षा ऋतु में भोजन की तलाश के कारण भालू आबादी क्षेत्र की ओर आ सकता है। उन्होंने कहा कि भालू संभवत: खाद्य सामग्री की गंध के कारण परिसरों में प्रवेश कर रहा है। वन विभाग द्वारा भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
रेंजर ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह और शाम के समय सावधानी बरतें, भालू दिखने पर वन विभाग को तुरंत सूचित करें तथा वन्यजीव के साथ किसी प्रकार की छेडख़ानी न करें।