महासमुन्द

एक ही दिन तीन जगहों से गांजा बरामद, 10 आरोपी बंदी
22-Sep-2026 3:58 PM
एक ही दिन तीन जगहों से गांजा बरामद, 10 आरोपी बंदी

 वाहन , दस मोबाइल, सोने के आभूषण समेत डेढ़ करोड़ की संपत्ति जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,22सितम्बर। महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एएनटीएफ  ने गांजा तस्करी के खिलाफ  कल सोमवार को तीन अलग-अलग कार्रवाई में कुल 246.25 किलो गांजा पकड़ा और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजे के साथ वाहन, मोबाइल और आभूषण समेत कुल 1 करोड़ 57 लाख 91 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है। तीनों मामलों में गांजा ओडि़शा से दूसरे राज्यों में ले जाया जा रहा था।

पहले मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडि़शा से गांजा खरीदकर कार से रायपुर-भिलाई की ओर गांजा ले जाया जा रहा है। दूसरी एक और उसकी पायलेटिंग कर रही है। पुलिस ने घोड़ारी के पास नाकेबंदी की थी जिसे देखकर दोनों वाहन वापस भागने लगे। टीम ने पीछा कर ग्राम मुढ़ेना के पास दोनों कारों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी में बोरियों से 117.15 किलो गांजा मिला। जिसकी कीमत 58.57 लाख रुपए है। इसके अलावा दोनों कारों की कीमत 9.50 लाख, चार मोबाइल 44 हजार और सोने के आभूषण 3.45 लाख भी बरामद किए गये। यहां बरामद सामानों की कुल कीमत 71 लाख 96 हजार 500 रुपए बताई गई है। यहां गिरफ्तार आरोपियों में लोकेश मीणा 32साल, अभिषेक गोचर 27 साल, राकेश मीणा 30 साल और शिवम मीणा 17 साल सभी राजस्थान निवासी हैं।

दूूसरे मामले में सांकरा पुलिस और एएनटीएफ  टीम ने ग्राम बिजेपुर मोड़ के पास सफेद बलेनो कार को रोककर तलाशी ली। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडि़शा से बसना होते हुए गांजा रायपुर ले जाया जा रहा है। तलाशी में 83.100 किलो गांजा मिला। जिसकी कीमत 41.55 लाख रुपए है। पुलिस ने गांजा ले जाने में इस्तेमाल बलेनो कार 6 लाख और तीन मोबाइल 30 हजार रुपए के जब्त किए। कुल जब्ती 47.85 लाख रुपए की है। गिरफ्तार आरोपी लोचन महारा 28 साल, राजेश उरमलिया 40 साल, सत्येंद्र कुमार चंद्रवंशी 19 साल और तुलाराम चंद्रवंशी 39 साल अनूपपुर मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं।

इसी तरह तीसरे मामले में बसना पुलिस और एएनटीएफ  की टीम ने पलसापाली के पास महिंद्रा थार को रोककर 46 किलो गांजा जब्त किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा बलांगीर ओडि़शा से खरीदकर नागपुर ले जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपी ऋषभ सुरेश राव चौधरी 28 साल काटोल नागपुर और अशफ ाक रफीक शेख 30 साल यशोधरा नगर नागपुर हैं। इन दोनों से पुलिस ने 23 लाख रुपए का गांजा, 15 लाख की थार और 20 हजार के दो मोबाइल जब्त किए। कुल जब्ती 38.20 लाख रुपए की है। दोनों के खिलाफ  एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट