महासमुन्द

कृषि विज्ञान केंद्र भलेसर में किसान दिवस आयोजित
17-Sep-2026 8:34 PM
कृषि विज्ञान केंद्र भलेसर में किसान दिवस आयोजित

दलहन-तिलहन उत्पादन व विभागीय योजनाओं पर हुई चर्चा

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

महासमुंद, 17 सितंबर। भगवान श्री बलराम की जयंती पर कृषि विज्ञान केंद्र भलेसर, महासमुंद में कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जिला स्तरीय च्किसान दिवसज् का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत महासमुंद की अध्यक्ष दिशा दीवान एवं अध्यक्ष जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर रहे।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 120 किसानों ने हिस्सा लिया। जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा दीवान ने कृषि के साथ-साथ पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं कृषि आधारित उद्यमों को अपनाने पर बात रखी।

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. आर.एल. शर्मा ने मृदा स्वास्थ्य, उन्नत कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण तथा दलहन-तिलहन की उपयोगिता पर जानकारी दी।

उप संचालक कृषि फागूराम कश्यप ने आत्मनिर्भरता दलहन मिशन योजना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जिले में गत वर्ष खरीफ में 8,901 हेक्टेयर एवं रबी में 6,423 हेक्टेयर में दलहन की फसल ली गई थी, जबकि खरीफ 2026 हेतु 9,120 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान किसानों एवं कृषि विशेषज्ञों के मध्य प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित हुआ, जिसमें कृषि समस्याओं के तकनीकी समाधान दिए गए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कृषकों को नींबू, आंवला, आम, जामुन, कटहल एवं बेल सहित लगभग 500 फलदार पौधों का वितरण किया गया।

आयोजन में भारतीय किसान संघ महासमुंद के अध्यक्ष कुबेर गिरी गोस्वामी, जिला उपाध्यक्ष बृजलाल साव, संजय चंद्राकर, शत्रुघन साहू, राजेंद्र वैष्णव, ग्राम पंचायत भलेसर के सरपंच सेवाराम कुर्रे, कार्यक्रम संचालक डॉ. साकेत दुबे सहित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट