महासमुन्द

महासमुन्द में स्वाइन फ्लू का एक भी मामला नहीं -डॉ. छत्रपाल
14-Sep-2026 6:06 PM
महासमुन्द में स्वाइन फ्लू का एक भी मामला नहीं -डॉ. छत्रपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 14 सितम्बर। दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के मरीजों की पुष्टि और मौत की खबरों के बाद महासमुंद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखते हुए संभावित मरीजों की जांच शुरू कर दी है। वहीं पशु चिकित्सा विभाग भी सूअरों में संक्रमण की आशंका को देखते हुए 57 गांवों में विशेष निगरानी अभियान चला रहा है।

डॉ. छत्रपाल चंद्राकर, नोडल अधिकारी, आईडीएसपी का कहना है कि संभावित स्वाइन फ्लू मरीजों की जांच शुरू कर दी गई है। अब तक 18 मरीजों के नमूनों की जांच की जा चुकी है, लेकिन जिले में एक भी पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। इसे लेकर जिले में पूरी सतर्कता बरती जा रही है। चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं तथा दवाओं के पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था की जा गई है।  वर्तमान में महासमुंद जिले में स्वाइन फ्लू का कोई मामला नहीं मिला है।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक जिले में 18 संभावित मरीजों के नमूने लेकर जांच की जा चुकी है, हालांकि राहत की बात यह है कि महासमुंद में अब तक स्वाइन फ्लू का एक भी मामला सामने नहीं आया है। मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के चिकित्सकों को सर्दी, खांसी, बुखार और सांस संबंधी लक्षण वाले मरीजों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इधर पशु चिकित्सा विभाग ने ग्राम पंचायत छिलपावन के देवारपारा वार्ड क्रमांक-3 में हाल ही में संक्रमण की आशंका के चलते 18 सूअरों को नष्ट किए जाने के बाद प्रभावित क्षेत्र के 10 किलोमीटर दायरे में आने वाले 57 गांवों को निगरानी क्षेत्र घोषित किया है।

 विभागीय टीमें गांवों में पहुंचकर सूअर पालकों से पशुओं की संख्या, स्वास्थ्य स्थिति और किसी शेष सूअरों पर भी रखी जा रही नजर है।

स्वाइन फ्लू के लक्षण सामान्य वायरल फ्लू जैसे हो सकते हैं। इनमें तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, शरीर दर्द, सिरदर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं। गंभीर स्थिति में सांस लेने में तकलीफ, सीने में दर्द और निमोनिया की समस्या भी हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

सूअरों में संक्रमण की आशंका होने पर अचानक बुखार, सुस्ती, खांसी, छींक,नाक से स्त्राव, सांस लेने में परेशानी और भोजन छोड़ देना प्रमुख संकेत माने जाते हैं। एक साथ कई सूअरों के बीमार पडऩे की स्थिति में तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को सूचना देने कहा गया है।


अन्य पोस्ट