महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 सितम्बर। महासमुंद आस्था साहित्य समिति द्वारा हिन्दी मास के अवसर पर काव्य गोष्ठी का आयोजन साहित्यकार श्रीमती एस.चन्द्रसेन के निवास पर त्रिमूर्ति कालोनी में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षाविद एवं साहित्यप्रेमी के.आर.चंद्राकर उपस्थित थे। हिन्दी मास पर हिन्दी की व्यथा व्यक्त करते हुए साहित्यकार आनंद तिवारी पौराणिक ने कहा ..अपने ही घर दासी हिन्दी और अंग्रेजी रानी है, राष्ट्र भाषा करे चाकरी हाय बड़ी हैरानी है। साहित्यकार एवं पत्रकार उत्तरा विदानी ने भी अपनी कविताएं सुनाई। कवियित्री सरिता तिवारी वर्ग-वर्ग में बंट रही जाति धर्म के नाम पर कट रही जो ना करे हिन्दी का सम्मान सुनाया।
इस अवसर पर डा.साधना कसार ने कहा कि जरुरत नहीं मंच की हिन्दी को भाषा का श्रृंगार होना चाहिये। श्रीमती एस. चन्द्रसेन ने कई भाषाओं से सुसज्जित है अपना भारत देश पर हिन्दी भाषा ही सबका वास्तविक आधार है कविता सुनाई। साहित्यकार टेकराम सेन चमक ने राधाकृष्ण पर आधारित दोहा समर्पित करते हुए कहा-बिन राधे कान्हा नहीं, बिन राधे सब सून, बिन राधे झण-झण लगे सूखे हुए प्रसुन।
इस अवसर पर आस्था साहित्य समिति द्वारा हिन्दी मास पर आगामी कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार की गई जिसमें 11 सितंबर को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम स्कूल महासमुंद में काव्य गोष्ठी एवं 16 एवं 18 सितंबर को अलग-अलग संस्थाओं में कार्यक्रम की योजना बनी।