महासमुन्द

हर्षोल्लास के साथ मना पोला
11-Sep-2026 2:59 PM
हर्षोल्लास के साथ मना पोला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11 सितम्बर। ग्रामीण अंचल का प्रमुख छत्तीसगढ़ी त्यौहार पोरा गुरुवार को क्षेत्र में पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में उत्सव का माहौल रहा। किसानों ने खेती-किसानी का काम पूरी तरह बंद रखकर कृषि कार्य में संबल देने वाले अपने मवेशियों और पशुधन के प्रति आभार जताया।

 गांव के कुल देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके बाद प्रात: 10 बजे तक परिवारों ने घरों में मिट्टी से बने नादिया नंदीश्वर बैल की पूजा की। पूजन में नारियल, फूल और अक्षत सहित अन्य सामग्री अर्पित की गई। किसानों ने अपने मवेशियों की आरती उतारकर उन्हें चावल से बने पकवानों का भोग लगाया। त्यौहार को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। बच्चों के लिए खरीदे गए मिट्टी के नंदीश्वर बैल की विशेष पूजा-अर्चना की गई। बच्चों ने अपने मिट्टी के बैलों को राखियों और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से सजाकर आकर्षक रूप दिया।

 पूजा के बाद बच्चों ने गलियों में मिट्टी के बैल दौड़ाए और दिनभर खेल का आनंद लिया। पोरा पर्व पर छत्तीसगढ़ी खान.पान की खास झलक देखने को मिली। घरों में मुख्य रूप से चावल के आटे से बना पारंपरिक चीला,ठेठरी, खुरमी और अन्य पकवान तैयार किए गये।


अन्य पोस्ट