महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11सितम्बर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक पर्व पोरा के उपलक्ष्य में शासकीय हाईस्कूल अछोला में उच्च प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष रचनात्मक गतिविधि का आयोजन किया गया।
इस दौरान बच्चों ने मिट्टी के पारंपरिक खिलौने, नंदी बैल और विभिन्न आकृतियां बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया और अनुभवात्मक शिक्षण हैंड्स ऑन लर्निंग का आनंद लिया। इस अनूठी पहल का आयोजन संस्था के प्राचार्य पीएल गहिरवारे एवं शिक्षक थानुराम साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उन्हें राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत,लोक-कलाओं और करके सीखने की व्यावहारिक प्रक्रिया से जोडऩा था। इस रचनात्मक गतिविधि के दौरान विद्यालय की शिक्षिका सुनीता बार्लो, शिक्षक आशीष कुमार साहू एवं चंद्र शेखर मन्नाडे उपस्थित थे। शिक्षकों ने बच्चों को मिट्टी तैयार करने के तरीके, उसे सही नमी देने, सांचे और हाथों की मदद से नंदी बैल की बारीक आकृतियां उकेरने की विभिन्न तकनीकों से रू-ब-रू कराया।
इसके साथ ही शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पोरा पर्व के सामाजिक, धार्मिक और कृषि.आधारित महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। जिससे बच्चे अपनी परंपराओं के मूल कारण को समझ सके।