महासमुन्द

घुंघरू बांध गलियों में रेस कर रहा माटी का नांदिया
10-Sep-2026 4:16 PM
घुंघरू बांध गलियों में रेस कर रहा माटी का नांदिया

पोला  पर्व पर विशेष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,10 सितम्बर। बुधवार को छत्तीसगढ़ का पारंपरिक लोक पर्व पोला महासमुंद जिले भर में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। किसानों के लिए विशेष महत्व रखने वाले इस पर्व में बैलों की पूजा-अर्चना कर उनकी सेवा और कृषि कार्यों में योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया जा रहा है। ...हालांकि किसान की मेहनत का साथी, छत्तीसगढ़ी संस्कृति का अभिमान और जिंदगी भर मेहनत का रिश्त निभाने वाला बैल अब लगभग विलुप्त हो चुका है। आज के दिन गांवों में बैलों को नहलाने, उन्हें सजाकर दौड़ में शामिल करने वाली परम्परा नहीं के बराबर रह गई है। फिर भी बैलों की कृतज्ञता को सम्मान देने वाला पर्व पोला पर माटी से बने बैलों की पूजा का दस्तूर निरंतर जारी है।

बीते दो दिनों से शहरों और गांवों के बाजारों में मिट्टी के नांदिया बैल और पोला खरीदने वालों की भीड़ इस बात का उदाहरण है कि परम्पराएं कभी मरती नहीं। आज सुबह से बाजारों में काफ ी चहल-पहल रही। लोग मिट्टी से बने रंग-बिरंगे बैल, खिलौने और पूजा सामग्री की खरीदते रहे। बच्चियों में मिट्टी के बर्तन और घरेलू सामान के लघु मॉडल खरीदने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में पोला पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा। कुछ गांवों में पारंपरिक बैल दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गये। जिन किसानों के घर में आज भी बैल जिंदा है, उन्होंने अपने बैलों को नहलाकर उन्हें सजाया, विशेष पकवान और लोंदी खिलाकर पूजा-अर्चना की है। कभी कहा जाता था कि बैलों के बगैर कृषि कार्य संभव नहीं है। इसलिए आज भी इस दिन उनकी सेवा का सम्मान किया जाता है। वहीं बच्चे भी मिट्टी के बैलों की पूजा कर पर्व में अपनी सहभागिता निभाते हैं। आज भी घरों में पारंपरिक व्यंजन बनाए गये और प्रत्येक परिवार के सदस्यों ने मिलकर इस लोक संस्कृति की इस विरासत को आगे बढ़ाया।   अब भी माटी के बैलों के बहाने पोला पर्व किसान और पशुधन के अटूट संबंध का प्रतीक है। महासमुंद के बरौंडा बाजार निवासी बिसहत कुम्हार भी परिवार के साथ मिट्टी के पोला सामान और बैल बेचने महासमुंद पहुंचा। बिसहत मिट्टी के बैलों को रंग चढ़ा रहा था, पत्नी पोला बेच रही थी और बच्चे बैल के चक्क े को गति देने बांस की तगड़ी सींक तैयार करते रहे। इस साल बरौंडा बाजार से 18 परिवार पोला का सामान बेचने महासमुंद पहुंचा था। इसके अलावा महासमुंद निवासी कुम्हार परिवार भी इस सामान के साथ दुकान सजाये थे। सभी की दुकानों में भक्कम खरीददारी हुई। इस साल सौ से लेकर तीन सौ रुपए बैल जोड़ी और 80 रुपए पोला सेट बेचा गया। पोला सेट में एक चूल्हा, एक गंजी, एक कड़ाही, एक बाल्टी, बेलना जैसे किचन के तमाम सामान शामिल हैं।  बरोंंंंंंंंंंंडा बाजार और महासमुंद के कुछ कुम्हारों के पास अब भी बैल और गाड़ी है जिससे खेतों से घरों तक मिट्टी ढुलाने काम करते हैं। इन्होंने आज बैलों को नहलाकर उनके सींग और खुरों में रंग-पेंट पॉलिश की है, गले में घुंघरू, घंटी और कौड़ी के आभूषण पहनाया है। ठीक असली बैलों की तरह मिट्टी के बैलों को भी उन्होंने खूबसूरत आकार देने के बाद उस पर रंग चढ़ाया, कौड़ी की माला पहनाई, चक्के बनाएं, सींग और खुरों को पालिश की और पूजा के लिए तैयार किया। मुंशी प्रेमचंद की दो बैलों की कथा के हीरा और मोती नाम के दो बैलों की तरह किसानों के बैल भी अब किताबों में याद आने की कगार पर हैं। चूंकि अब इनका स्थान मशीनों ने ले लिया है। पहले तो खेती में जितना परिश्रम किसान करता था, उतना ही परिश्रम बैल भी करते थे। आज भी बचे खुचे स्थानों पर किसान और बैल अपनी-अपनी शक्ति के अनुसार मिलजुल कर खेती का काम पूरा करते हैं। यही कारण है कि पशुधन का महत्व भी बना हुआ है। इसी परम्परा को निभाते हुए किसानों ने घर में गेहूं अथवा चावल का चीला बनवा,पूजा की सामग्री लेकर बैलों को चीला के साथ-साथ गेहूं आटे के संग जड़ी बूटी की लोंदी खिलाई है।  लोगों का यह भी मानना है कि मिट्टी के रसोई बर्तनों में बच्चियां गृहस्थी के काम खेल-खेल में सीख जाती हैंं और खेल-खेल में अगली पीढ़ी कृषि कार्य के लिए भी तैयार हो जाती है।  फिलहाल बच्चों ने अपनी बैल जोड़ी को घुंधरू और घंटी से सजाकर असली बैलों के बनिस्बत मिट्टी के बैलों को गलियों में दौड़ाने और बच्चियों ने मिट्टी के बर्तनों में भोजन तैयार करने की परम्परा बखूबी निभाई है।


अन्य पोस्ट