महासमुन्द

अनिवार्यता समाप्त कर स्मार्ट मीटर को वैकल्पिक करें सरकार - निखिलकांत
09-Sep-2026 4:24 PM
अनिवार्यता समाप्त कर स्मार्ट मीटर को वैकल्पिक करें सरकार - निखिलकांत

पालिकाध्यक्ष ने शासन से की जनहित में मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 सिम्बर। नगर पालिका परिषद महासमुंद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने छत्तीसगढ़ शासन से जनभावनाओं के अनुरूप जनहित में निर्णय लेते हुए स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता को समाप्त कर इसे वैकल्पिक किए जाने की मांग की है।

     श्री साहू ने कहा कि शासन की मंशा बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने की है, जिसका हम सभी स्वागत करते हैं, किंतु जमीनी स्तर पर नागरिकों से प्राप्त हो रहे फीडबैक पर ध्यान देना भी अत्यंत आवश्यक है। नगर के विभिन्न वार्डों के भ्रमण के दौरान और आम नागरिकों, विशेषकर गरीब, निम्न आय वर्ग और मध्यम वर्गीय परिवारों द्वारा लगातार यह बात संज्ञान में लाई जा रही है कि जब से उनके घरों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए हैं, तब से बिजली बिल की राशि में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिल रही है। पहले जहां सामान्य खपत पर बिल एक सीमित राशि का आता था, वहीं अब उसी खपत पर बिल कई गुना अधिक आ रहा है, जिससे परिवारों का मासिक आर्थिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। कई परिवार ऐसे हैं जो सीमित आय में अपने घर का संचालन करते हैं, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करते हैं, उनके लिए यह बढ़ा हुआ बिल एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है। नागरिकों में इसको लेकर भ्रम और आशंका की स्थिति भी है। पालिकाध्यक्ष श्री साहू ने इस स्थिति को देखते हुए छत्तीसगढ़ शासन से निवेदन किया है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए और आम जनता के हित को सर्वोपरि रखते हुए स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने अनुरोध किया है कि स्मार्ट मीटर को अनिवार्य रूप से न लगाकर इसे नागरिकों के विकल्प के रूप में रखा जाए, ताकि जो उपभोक्ता इसे लगवाना चाहते हैं वे लगा सकें और जो पारंपरिक मीटर पर ही रहना चाहते हैं, उन्हें वह सुविधा मिलती रहे। श्री साहू ने आशा व्यक्त की है कि शासन निश्चित रूप से जनता की इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित और जनहितकारी निर्णय लेगा।


अन्य पोस्ट