महासमुन्द

भलेसर के प्रीतम सिंह ठाकुर का सीआरपीएफ में चयन
08-Sep-2026 4:44 PM
भलेसर के प्रीतम सिंह ठाकुर  का सीआरपीएफ में चयन

वर्दी पहन पहली बार गांव पहुंचे तो बजे ढोल-नगाड़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द , 8 सितम्बर। देश सेवा का जज्बा और कुछ कर गजरने का संकल्प हो तो कठिन परिस्थितियां भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। इस बात को सच साबित किया है ग्राम वन भलेसर, कोमाखान क्षेत्र के युवा प्रीतम सिंह ठाकुर ने। प्रीतम का चयन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हुआ है। छह महीने का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जब वे पहली बार वर्दी पहनकर अपने गृहग्राम पहुंचे, तो पूरा गांव खुशी और गर्व से झूम उठा।

प्रीतम के गांव पहुंचते ही परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों ने डीजे, ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। खुशी का आलम ऐसा था कि युवाओं और बुजुर्गों ने प्रीतम को कंधे पर बैठाकर अपनी खुशी का इजहार किया। गांव की गलियों में देश सेवा के लिए चयनित अपने बेटे के स्वागत का उत्साह साफ नजर आया।

प्रीतम सिंह ठाकुर स्वर्गीय जोधन सिंह ठाकुर एवं माता भुखई बाई ठाकुर के सुपुत्र हैं। उनका जीवन बेहद सामान्य पारिवारिक परिस्थितियों में बीता। परिवार के भरण-पोषण के लिए उनके पिता कृषि मजदूरी करते थे। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद परिवार ने प्रीतम की पढ़ाई और उनके सपनों के रास्ते में कोई कमी नहीं आने दी।

पारिवारिक संघर्षों को करीब से देखने वाले प्रीतम ने परिस्थितियों के सामने हार मानने के बजाय मेहनत को अपना हथियार बनाया। लगातार प्रयास, अनुशासन और देश सेवा के जज्बे के बल पर उन्होंने सीआरपीएफ में चयन हासिल कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे गांव का गौरव बढ़ाया। चयन के बाद प्रीतम ने तमिलनाडु में छह महीने का कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक क्षमता, अनुशासन और सुरक्षा संबंधी विभिन्न चुनौतियों से गुजरने के बाद जब वे पहली बार सीआरपीएफ की वर्दी पहनकर अपने गांव पहुंचे, तो उनके स्वागत के लिए ग्रामीण पहले से ही उत्साहित थे।

प्रीतम को वर्दी में देखकर परिजनों की खुशी और ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों की पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।


अन्य पोस्ट