महासमुन्द

नशीली गोलियों संग आरोपी बंदी
08-Sep-2026 4:17 PM
नशीली गोलियों संग आरोपी बंदी

महासमुन्द, 8 सितंबर। जिले की सांकरा पुलिस ने नशीली गोलियों की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली दवा नाइट्राजेपाम की 640 गोलियां बरामद की हैं। आरोपी इन गोलियों को बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था।

 बरामद गोलियों की कुल कीमत 4776 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सांकरा स्थित गुरु घासीदास चौक के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकडक़र उसकी तलाशी ली। पकड़े गए युवक की पहचान जगन्नाथ ध्रुव सांकरा के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पॉलीथिन में रखी 64 पत्तियां नशीली टैबलेट बरामद हुईं। प्रत्येक पत्ते में 10 गोलियां थीं। इस प्रकार कुल 640 नशीली गोलियां पुलिस के हाथ लगीं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा निवासी दीपक नामक व्यक्ति से मोबाइल से संपर्क करता था। इसके बाद वह पदमपुर ओडिशा जाकर दीपक से नशीली गोलियां खरीदकर लाता था और ग्राम सांकरा तथा आसपास के क्षेत्र में बेचता था।

 पुलिस अब आरोपी द्वारा बताए गए इस नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने बरामद नशीली गोलियों को जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 अंतर्गत अपराध पाए जाने पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कर रही है।


अन्य पोस्ट