महासमुन्द

बड़े नक्सली नेताओं का नाम चार्जशीट से हटाया गया, सरेंडर करने वाले कई बड़े नक्सलियों से पूछताछ नहीं की गई-द्वारिकाधीश
07-Sep-2026 3:44 PM
बड़े नक्सली नेताओं का नाम चार्जशीट से हटाया गया, सरेंडर करने वाले कई बड़े नक्सलियों से पूछताछ नहीं की गई-द्वारिकाधीश

झीरम घाटी हमला:  एनआईए के फैसले पर कांग्रेस की प्रेस वार्ता, विधायक ने कहा-जांच शुरू से दिशाहीन रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 सितंबर। झीरम घाटी नरसंहार मामले में एनआईए कोर्ट के हालिया फैसले के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने रविवार को महासमुंद कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता आयोजित की।

विधायक द्वारिकाधीश यादव ने एनआईए कोर्ट के फैसले और जांच प्रक्रिया पर पार्टी का पक्ष रखते हुए कई बातें रखीं। उन्होंने कहा कि एनआईए कोर्ट द्वारा प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर दिया गया निर्णय अधूरा न्याय है। उनका आरोप है कि एनआईए द्वारा घटना के पीछे की संभावित राजनीतिक साजिश के पहलू की गहन जांच नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि मामले में दोषी ठहराए गए लोग निचले स्तर के कैडर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पूर्व में आरोपी बनाए गए अथवा गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए माओवादी संगठन के वरिष्ठ नेताओं के नाम चार्जशीट से क्यों हटाए गए।

उन्होंने उल्लेख किया कि आत्मसमर्पण करने वाले तथा अन्य राज्यों की जेलों में निरुद्ध कई प्रमुख माओवादियों से इस मामले में की गई पूछताछ का ब्योरा स्पष्ट नहीं किया गया है। साथ ही तत्कालीन पुलिस अधिकारियों, घायल प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और सुरक्षा व्यवस्था हटाए जाने व मार्ग बदलने के कारणों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

द्वरिकाधीश यादव ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती व वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान मामले की निष्पादित जांचों में बाधाएं आईं। उन्होंने भूपेश बघेल सरकार द्वारा गठित एसआईटी जांच पर एनआईए द्वारा लिए गए कानूनी स्थगन (स्टे) तथा सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी जांच प्रक्रिया आगे न बढऩे का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया। पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. रश्मि चंद्राकर, अमरजीत चावला, संजय शर्मा एवं गणेश बंसोड़ सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट