महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 7 सितंबर। पिथौरा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा धारण कर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया।
विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण के रूप में पिथौरा बस स्टैंड, यशवंत छाबड़ा निवास तथा सत्यनारायण अग्रवाल के निवास स्थान पर आयोजित दही-हांडी एवं मटकी फोड़ कार्यक्रमों में भाग लिया। श्री गुरु तेग बहादुर हॉल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने द्रौपदी चीरहरण, राधा-कृष्ण महारास, वो कृष्णा है तथा उडिय़ा नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इसके अतिरिक्त वेशभूषा और अभिनय के आधार पर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि बसना की पूर्व जनपद अध्यक्ष अनीता अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय में दिया जाने वाला संस्कारित शिक्षण भारतीय संस्कृति के संरक्षण में सहायक है।
विशेष अतिथियों के रूप में पार्षद रामकुंवर सिन्हा, स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष मनमीत कौर सलूजा ने भगवान श्री कृष्ण के चरित्र पर विचार व्यक्त किए। मुख्य वक्ता रामचंद्र अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय में हिंदी माध्यम के साथ-साथ विद्यार्थियों को भाषाई ज्ञान और सांस्कृतिक आधार प्रदान किया जाता है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका हसीना बुडेक एवं यशोदा यादव द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय की प्राचार्य गायत्री राजपूत ने आभार व्यक्त किया।