महासमुन्द

विकसित भारत संकल्प यात्रा के संयोजक बने स्वप्निल तिवारी
06-Sep-2026 4:13 PM
विकसित भारत संकल्प यात्रा के संयोजक बने  स्वप्निल तिवारी

पिथौरा,6 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर विभिन्न टोलियों का गठन किया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष ऐतराम साहू ने प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार पार्टी के  पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। इसी क्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भाजपा के जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी को जिला संयोजक के रूप में सौंपी गई है। वहीं, पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष पप्पू पटेल को इस अभियान में सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों पदाधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन, कार्यक्रमों के समन्वय तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

विकसित भारत संकल्प यात्रा के जिला संयोजक स्वप्निल तिवारी ने जिम्मेदारी मिलने पर संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व के अनुरूप सभी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।


अन्य पोस्ट