महासमुन्द
नाबालिग को बाल सम्पेक्षण गृह भेजा गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5 सितम्बर। महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 स्थित टेमरी चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर पुलिस ने दो मोटर साइकिलों में गांजा लेकर जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लेकर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27.260 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 13.63 लाख रुपए बताई गई है। गांजा, दो बाइक और दो मोबाइल समेत कुल 14.88 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती इलाकों और चेक पोस्टों पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है।
इसी दौरान कोमाखान थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो मोटर साइकिलों में महिला और पुरुष सवार गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही टेमरी जांच नाका पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद सामने से दो मोटर साइकिलें आती दिखाई दीं। पुलिस ने दोनों को रोककर सवारों से पूछताछ की। पहली मोटर साइकिल पैशन प्लस में चालक ने अपना नाम बजरंग यादव रैरूमाखुर्द थाना धरमजयगढ़ जिला रायगढ़ बताया। वाहन के पीछे उसकी पत्नी जीवन्ती महंत बैठी थी।
दूसरी मोटर साइकिल स्प्लेंडर में चालक राजेश्वर सारथी धरमजयगढ़ मिला। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी था। पुलिस को पूछताछ के दौरान संदिग्धों के हाव.भाव पर संदेह हुआ। इसके बाद नियमानुसार दोनों वाहनों और सवारों की तलाशी ली गई। तलाशी में कुल 27.260 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजे की यह खेप ओडि़शा के बालीगुड़ा से धरमजयगढ़ ले जाई जा रही थी।
इस कार्रवाई में पुलिस ने 27.260 किलो गांजा कीमती 13 लाख 63 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फ ोन करीब10 हजार रुपए और दो मोटर साइकिल करीब 1 लाख 15 हजार रुपए कीमत की जब्त की गईं। इस तरह कुल जब्ती की कीमत 14 लाख 88 हजार रुपए आंकी गई है।
इस मामले में थाना कोमाखान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी, 2सी, 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बजरंग यादव, जीवन्ती महंत और राजेश्वर सारथी शामिल हैं। मामले में संलिप्त विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों, स्रोत और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच कर रही है।