महासमुन्द

संगोष्ठी में जुटे सनातनी
05-Sep-2026 2:42 PM
 संगोष्ठी में जुटे सनातनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,  5 सितम्बर। स्वाध्याय केन्द्र समिति महासमुंद के तत्वावधान में सनातन संस्कृति एवं मनुस्मृति विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. पं. दादू भाई त्रिपाठी रायपुर एवं नगर पुरोहित पं. पंकज तिवारी उपस्थित थे।

पं. त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान समय में कुछ लोगों द्वारा सनातनी हिन्दू एवं हिन्दू संस्कृति के ऊपर मनुस्मृति को लेकर आघात किया जा रहा है। इसे मानव समाज का दुश्मन ग्रंथ निरुपित कर समाज में जहर फैलाने का कार्य किया जा रहा है जो अत्यंत दुर्भाग्य जनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि मनुस्मृति हमारे संस्कारों का संकलन एवं मानव मात्र का संविधान है जिससे हम अपने संपूर्ण व्यवहार को प्रदर्शित करते हैं।

               इस अवसर पर नगर पुरोहित पं. पंकज तिवारी ने कहा कि सृष्टि के प्रतम पुरुष मनु के सिद्घांतों व मानव कल्याण के विचारों को नहीं मानना एवं धर्म ग्रंथों के कुछ अंशों को लेकर हिन्दू धर्म को खारिज करने की योजना व सनातनी संस्कृति पर प्रहार निंदनीय है। उन्होंने कहा कि रामसेतु, रामचरित मानस, मनुस्मृति पर संदेह व गलत टिप्पणी करना सनातन संस्कृति का अपमान है। इस अवसर पर डॉ. विमल चोपड़ा ने भी विचार व्यक्त करते हुए षडयंंत्रकारी शक्तियों से सावधान रहने की बात की।

कहा कि  मनुस्मृति हमारी पारिवारिक संरचना एवं संस्कारों का आधार है। इस अवसर पर स्वाध्याय समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पाणिग्राही, मोहन साहू शहर के प्रबुद्घ जन उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट