महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितंबर। सरायपाली के राजमहल मैदान में जुलाई 2022 में हुई हत्या के मामले में द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश पंकज आलोक तिर्की की अदालत ने आरोपी गणेश जायसवाल को धारा 302 भादवि के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। मामले में दो अन्य सह-आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक के.के. पटेल ने पैरवी की।
प्रार्थी धरमसिंह चौहान ने 1 जुलाई 2022 को सरायपाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में उल्लेख था कि उनका पुत्र दुष्यंत चौहान, भतीजा लक्ष्मण चौहान और नाती अंकित चौहान मेला देखने गए थे। वहां पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी गणेश जायसवाल वार्ड क्रमांक 4, संजय नगर, सरायपाली ने दुष्यंत चौहान पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 302 और 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना पूर्ण की तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सरायपाली के समक्ष अंतिम प्रतिवेदन (चार्जशीट) प्रस्तुत किया।
न्यायालय में मामले की सुनवाई और प्रस्तुत साक्ष्यों का विचारण करने के उपरांत, अदालत ने आरोपी गणेश जायसवाल को हत्या का दोषी पाते हुए आजीवन कारावास के दंड से दंडित किया। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य लोगों पर अपराध सिद्ध न होने के कारण उन्हें रिहा (दोषमुक्त) कर दिया गया।