महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितम्बर। महासमुन्द जिले की थाना बसना पुलिस ने बाइक बेचने ग्राहक की तलाश कर रहे आरोपी को गिरफ्तार किया तो पता चला कि उसने12 मोटरसाइकिलें चोरी की है। पुलिस ने बसना थाना समेत अन्य 5 थाना क्षेत्रों की 12 बाइकें उक्त आरोपी से बरामद की हैं।
बीते 11 अगस्त को प्रार्थी नरेश डडसेना ग्राम खरोरा ने थाना बसना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त को दोस्त चंद्रकिशन सोनी उसकी पुरानी इस्तेमाल की हुई एचएफ डीलक्स मोटर सायकल को लेकर गढफ़ुलझर गया था। वहां अपरान्ह करीब 3.30 से 4.00 बजे के बीच उसने अपनी गाड़ी यादव इलेक्ट्रिकल्स शहीद चौक के पास खड़ी की थी। जब वह वापस आया तो देखा कि मोटर सायकल वहां नहीं है। अज्ञात व्यक्ति ने मोटर सायकल चोरी कर ली है। इस रिपोर्ट पर थाना बसना में अपराध धारा 303-2 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
मामले की तफ्तीश के दौरान 2 सितम्बर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति जगदीशपुर रोड पर चोरी की मोटर सायकल बेचने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी टिकेश्वर बाघ ने बताया कि उसने 10 अगस्त को गढफ़ुलझर से प्रार्थी की एचएफ डीलक्स चाबी लगी हुई स्थिति में पाकर चोरी की थी और उसे अपने घर ग्राम बम्हनी में छिपा कर रखा था। इसके साथ ही आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों के अलग-अलग स्थानों से 11 अन्य मोटर सायकलें भी चोरी की हैं। जिन्हें उसने ग्राम सावित्रीपुर में एक निर्माणाधीन घर में छिपा कर रखा था। पुलिस ने आरोपी के बयानों और उसकी निशानदेही पर प्रार्थी का 01 मोटर सायकल सहित अन्य 11 अर्थात कुल 12 चोरी की मोटर सायकलें बरामद की हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद वाहनों में एक पैशन प्रो, बजाज,प्लेटिना, ड्रीम युगा, सुपर स्प्लेंडर, ग्लैमर, सुपर डिलक्स, हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं।