महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,2सितम्बर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सडक़, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों पर कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री लंगेह ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम मोंगरा की टेश्वरी साहू ने श्रम विभाग के खाते में समस्या आने,ग्राम मालीडीह के बुधराम खैरवार ने एग्रीस्टेक पंजीयन, ग्राम सिंघनपुर बसना के लखेन्द्र कश्यप ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के लिए, सरायपाली के आवेदकों ने गौरव पथ से फोर लेन नेशल हाईवे 53 तक पहुंच मार्ग में अवैध अतिक्रमण,ग्राम मोखापुटका सरपंच ने गांव के सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने, ग्राम जगदीशपुर के लोगों ने वार्ड 13 से अटल चौक तक बनाए गए सीसी रोड में अनियमितता की शिकायत की। इसके अलावा नामान्तरण,भूमि अतिक्रमण, पेंशन सहित अन्य मांग एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा,रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।