महासमुन्द

उत्तरपुस्तिका मानदेय ने बढ़ाई मुश्किलेें, शिकायत पर जांच का आदेश जारी
01-Sep-2026 7:23 PM
उत्तरपुस्तिका मानदेय ने बढ़ाई मुश्किलेें, शिकायत पर जांच का आदेश जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1 सितम्बर। बीईओ कार्यालय सरायपाली में कक्षा 5वीं एवं 8वीं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन मानदेय राशि के भुगतान को लेकर उठी शिकायत अब जांच के घेरे में पहुंच गया है। जिला शिक्षा अधिकारी महासमुन्द के 27 जुलाई के आदेश के बाद केजुवां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयके प्राचार्य सह जांच अधिकारी ने मामले की जांच के लिए संबंधित तात्कालीन बीईओ प्रकाश चन्द्र मांझी को तलब किया है।

जारी पत्र के अनुसार आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने शिक्षा सत्र 2023-24 एवं 2024-25 में उत्तरपुस्तिका मूल्याकंन के लिए प्राप्त मानदेय राशि को लेकर डीईओ महासमुन्द को शिकायत की है। जिसकी जांच 3 सितम्बर को बीईओ कार्यालय सरायपाली में तय है।

इस मामले में छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ द्वारा भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पता चला है कि शिक्षकों के द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन निष्ठापूर्वक, समयबद्ध करने के उपरान्त भी उक्त कार्य के एवज में प्रदाय हेतु मानदेय राशि का भुगतान नहीं हुआ है। जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। विभाग से मानदेय राशि छियानबे हजार पांच सौ बावन रूपये का चेक 28 मार्च 2025 को बीईओ कार्यालय सरायपाली को भेजा गया था। 

मामले की जांच से शिक्षा विभाग में मानदेय भुगतान की प्रक्रिया और रिकार्ड और अधिकारी-कर्मचारी की भूमिका को लेकर उठे सवालों की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब जांच में दस्तावेजों और वास्तविक भुगतान की स्थिति सामने आने का इंतजार है।


अन्य पोस्ट