महासमुन्द
कोडार जलाशय लबालब, दबाव घटाने के लिए दोनों गेट खोले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31अगस्त। महासमुंद जिले में बारिश लगातार बनी हुई है। बीते शनिवार को दिनभर हुई झड़ी के बाद रविवार को भी अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश हुई। चालू मानसून सीजन में जिले की औसत बारिश का आंकड़ा 1000 मिमी के पार पहुंच गया है। इस साल बारिश ने पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त 30 अगस्त तक के ताजा आंकड़ों के अनुसार जिले में 1 जून से अब तक औसतन 1029.5 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत बारिश 790.8 मिमी से करीब 30.1 प्रतिशत अधिक है। भू-अभिलेख विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस सीजन सीजन में पिथौरा और सख्यपाली तहसीलों में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। पिथौरा में सामान्य औसत से 44.5 फीसदी जबकि सरायपाली में 62.7 फीसदी अधिक पानी गिर चुका है।
लगातार बारिश से जिले के हजारों किसानों की सिंचाई का मुख्य आधार कोडार जलाशय शहीद वीर नारायण सिंह परियोजना पूरी तरह लबालब हो चुका है। जलाशय का जलस्तर निर्धारित अधिकतम क्षमता 30.50 फीट को पार कर 32 फ ीट तक पहुंच गया है। उलट वेस्ट वियर चलने के बावजूद जैम के जांचे पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए जल संसाधन विभाग ने दोनों गेट (दायां और बायां तट)खोल दिए हैं। दोनों गेट से 250-250 क्यूसेक, यानी कुल 500 क्यूसेक पानी रोजाना छोड़ा जा रहा है।
मानसून के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल बारिश का स्तर पिछले कई वर्षों की तुलना में काफी अधिक रहा है। बीते 1 जून से 8 अगस्त तक दर्ज बारिश के आंकड़ों में 2026 में 793.6 मिमी बारिश हुई, जो सूचीबद्ध वर्षों में सबसे अधिक है। लगातार बारिश से जिला मुख्यालय के बीटीआई मार्ग, सब्जी बाजार, नयापारा सहित शहर की अंदरुनी बस्तियों के कई निचले इलाकों में सडक़ों पर एक फीट तक पानी बहता रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई अंदरूनी रास्तों और रपटों के ऊपर पानी आने से आवागमन प्रभावित हुआ।
जिले में हाई अलर्ट जारी
जिले भर के नदी-नालों में अचानक जलस्तर बढऩे की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने नागरिकों और ग्रामीणों से उफ नते नदी-नालों तथा जलमग्न रपटों को पार करने का जोखिम न उठाने और सतर्कता बरतने की अपील की है।