महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,31अगस्त। अंतरराजीय चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान कार से 12.260 किलो गांजा संग 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। परिवहन में प्रयुक्त डिजायर कार और 4 मोबाइल सहित कुल 11 लाख 40 हजार रुपए की संपत्ति जप्त की गई है।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडि़शा की तरफ से डिजायर कार में कुछ व्यक्ति अवैध गांजा परिवहन करते हुए आ रहे हैं। चेक पोस्ट पर पुलिस टीम को अलर्ट किया गया। जहां पर थोड़ी ही देर बाद आई उक्त संदिग्ध डिजायर कार को रोककर चेक किया गया। कार में तीन व्यक्ति सवार मिले जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने अपना निवास राजनांदगांव का होना बताया। वाहन की सघन तलाशी लेने पर उसमें 12.260 किलो गांजा भरा हुआ मिला।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के पदमपुर-जोगीमुड़ा से यह गांजा खरीदकर राजनांदगांव ले जा रहे थे। मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश मंडावी राजनादगांव, अजय मार्कण्डेय मलाईडाबरी हाल मुकाम राजनादगांव तथा प्रेम दास मानिकपुरी राजनादगांव है।