महासमुन्द

बस से पर्स पार, पौने 3 लाख का माल साफ
29-Aug-2026 6:32 PM
बस से पर्स पार, पौने 3 लाख का माल साफ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 29 अगस्त। बस में यात्रा के दौरान महज कुछ मिनटों के लिए सीट पर पर्स छोडक़र लघुशंका के लिए जाना एक महिला यात्री को भारी पड़ गया। अज्ञात चोर ने मौका पाकर पूरी सफाई से पर्स पार कर दिया। जिसमें नगदी समेत लाखों के सोने के जेवर व मोबाइल फोन रखा हुआ था। घटना की रिपोर्ट पर कोमाखान पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 (सी) के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात चौर की पतासाजी शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ओडिशा के नुआपाड़ा जिला अंतर्गत रेवेन्यू कॉलोनी राजा खरियार निवासी संजू कुमारी नायक अपने ससुर का रायपुर के सड्डू स्थित निजी अस्पताल में इलाज कराकर वापस लौट रही थीं।

26 अगस्त की रात करीब 9.50 बजे ससुर से मिलने के बाद वे रात 10 बजे अपनी बेटी के साथ ‘जय माता दी’ बस (पंजीयन क्र. ओडी 26 जी 0377) में सवार होकर रायपुर से राजा खरियार के लिए रवाना हुई थीं।

27 अगस्त की दरमियानी रात करीब 1 से 1.30 बजे के बीच बस ग्राम मौलीमुड़ा एनएच-353 स्थित पेट्रोल पंप के सामने ओम ढाबा के पास रुकी। जहां बस यात्री चाय-नाश्ता करने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान संजू कुमारी भी अपने पर्स को बस की सीट पर ही रखकर बेटी के साथ लघुशंका के लिए नीचे चली गईं। लगभग आधा घंटा रुकने के बाद जब वे वापस अपनी सीट पर पहुंचीं, तो वहां रखा पर्स गायब था। आसपास और बस में काफी खोजबीन की गई, लेकिन पर्स का कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस के अनुसार चोरी गए पर्स में कुल 2.75 लाख रुपये का माल था। जिसमें नगद राशि 30 हजार रुपये, सोने की चेन व माला 20 ग्राम (कीमत लगभग 1,20,000 रुपये), सोने का कर्णफूल 14 ग्राम कीमत लगभग 84,000 रुपये, सोने का टाप्स 5 ग्राम कीमत लगभग 30 हजार रु., सोने की अंगूठी 4 ग्राम कीमत लगभग 24 हजार रु., मोबाइल फोन वीवो कंपनी का इस्तेमाल किया हुआ कीमत 5 हजार रु. जिसमें जिओ व एयरटेल के सिम लगे थे।

घटना के बाद पीडि़ता ने थाना कोमाखान पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में शुरू की है। पुलिस ढाबे और पेट्रोल पंप के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।


अन्य पोस्ट