महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 29 अगस्त। मुख्यालय समेत जिले भर में कल सुबह से लेकर देर रात रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। देर रात तक भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ ही उनके दीर्घायु की कामना बहनों ने की। वहीं, भाइयों ने भी बहनों को उपहार देने के साथ ही उन्हें रक्षा का वचन दिया।
अंचल के कई शैक्षणिक संस्थानों में भी कल अवकाश होने के कारण विद्यार्थियों ने गुरुवार को ही रक्षाबंधन का पर्व मना लिया था। गुरुवार को स्कूलों की जब छुट्टी हुई तो कई बच्चों के कलाईयों पर राखी बंधे हुए थे। त्यौहार को लेकर शहर के विभिन्न दुकानों में दो दिन पहले से ही काफी भीड़ बनी रही।
गौरतलब है कि रक्षाबंधन का पर्व भाई बहनों के प्यार के साथ ही पूरे परिवार के लिए एक उत्सव का पर्व होता है। राखी बांधने के साथ-साथ मिष्ठान्न खिलाने की भी परंपरा है। जिसे देखते हुए गुरुवार और शुक्रवार को मिठाई की दुकानों में सबसे अधिक ग्राहकी देखी गई।
अधिकांश भाई-बहनों ने उपहार स्वरूप कपड़े भी दिये। जिसके कारण कपड़े की दुकानों में भी बहुत अधिक भीड़ रही। वहीं रक्षाबंधन की सबसे प्रमुख सामग्री राखी खरीदने के लिए भी दुकानों में बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचे हुए थे। रक्षा बंधन पर्व को लेकर बच्चों में अधिक उत्साह दिखाई दिया। कुछ दिन पहले से ही बच्चे पर्व को लेकर तरह-तरह की खरीददारी करने में लगे हुए थे।
वहीं बीते 3-4 दिनों से शहर में राखियों की दुकानों के साथ-साथ मिठाई व कपड़े की दुकानों में भी बहुत अधिक भीड़ दिखाई दी।