महासमुन्द
महासमुन्द,28 अगस्त। भारतीय सांस्कृतिक निधि इन्टैक के विरासत,शिक्षा और संचार सेवा प्रभाग नई दिल्ली एवं महासमुन्द अध्याय द्वारा शालेय छात्र-छात्राओं के लिए राष्ट्रीय विरासत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन 30 अगस्त रविवार को प्रात: साढ़े 10 बजे स्थानीय वन रक्षक प्रशिक्षण शाला के व्याख्यान कक्ष में किया जा रहा है।
अध्याय के संयोजक दाऊलाल चन्द्राकर ने बताया कि भारतीय सांस्कृतिक निधि इन्टैक प्राकृतिक, सांस्कृतिक, जीवित, मूर्त एवं अमूर्त विरासत के प्रति जागरूकता, रखरखाव और उसे सुरक्षित रखने की दिशा में कार्य करती है। यह प्रतियोगिता भारत के इतिहास, विरासत एवं संस्कृति पर आधारित है तथा इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने देश के प्रति जागरुकता लाना है। आज के संदर्भ में अपने देश के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी से विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। श्री चन्द्राकर ने बताया कि नगर स्थित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों को अपने विद्यालय के 10 विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में शामिल कराने की अपील की गई है।
प्रतियोगिता के नियम व शर्तों के बारे में सह-संयोजक राजेश्वर खरे ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 7 वीं से लेकर कक्षा दसवीं तक के 10 विद्यार्थी प्रतियोगिता में शामिल हो सकेंगे। यह प्रतियोगिता व्यक्तिगत न होकर टीम आधारित है। प्रत्येक विद्यालय से दो - दो विद्यार्थियों की 5 टीम रहेगी। प्रतियोगिता में भारत देश से संबंधित 20 प्रश्नों के लिखित उत्तर देने होंगे । जिसमें राष्ट्रीय स्तर के 12, छत्तीसगढ़ राज्य स्तर के 5 एवं इन्टैक संबंधित तीन प्रश्न शामिल रहेंगे। लिखित प्रश्नोंत्तरी के प्रतिभागियों में से 4 टीम उच्चतम प्राप्तांकों के आधार पर मौखिक प्रश्नोत्तरी के लिए पात्र होंगी।