महासमुन्द
दुकानों में उमड़ी भारी भीड़, कई जगहों पर लगा जाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त। शुक्रवार को रक्षाबंधन है। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन को लेकर महासमुंद का मुख्य बाजार पूरी तरह से गुलजार है।
बुधवार को शासकीय अवकाश होने के कारण सुबह से ही बाजारों में खरीदारों का तांता लगा रहा। लोग जमकर खरीदारी करते रहे। आज भी सुबह से बाजार में रौनक है। शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों में चहल-पहल बढ़ गई है। बाजार में राखी, कपड़े, उपहार और मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। रंग-बिरंगी डिजाइनर राखियों से लेकर फैंसी गिफ्ट आइटम और तरह-तरह की पारंपरिक मिठाइयों की दुकानों पर लोग पंक्तियों में खड़े होकर खरीदारी करते नजर आ रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार इस वर्ष त्योहार को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह है और व्यापार भी काफी बेहतर हो रहा है। गुरुवार की शाम अवकाश होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने बाजार पहुंचे। अचानक बढ़ी भीड़ और वाहनों की आवाजाही के कारण शहर के प्रमुख मार्गों और संकरे रास्तों पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई है। दोपहिया व चारपहिया वाहनों की लंबी कतारों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिला प्रशासन व पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के प्रयास अत्यधिक भीड़ के चलते मुख्य स्थानों पर किए जा रहे हैं, लेकिन बाजार में स्थिति बार-बार प्रभावित हो रही है। त्योहार को लेकर पूरे महासमुंद शहर में भारी उत्साह और उत्सव का माहौल बना हुआ है। इस साल शहर के मुख्य बाजारों में हर वर्ग के बजट को ध्यान में रखते हुए 10 रुपए दर्जन से लेकर 500 रुपए की एक राखी बिक रही हैं। बच्चों की पहली पसंद मोटू-पतलू, स्पाइडरमैन, डोरेमोन, नोबिता, तितली और लाइट वाली राखियां हैं। भाइयों के नाम और फोटो वाली राखियों का क्रेज सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। आध्यात्मिक व मेटल राखियों में ओम, स्वास्तिक, गणेश की तस्वीरें हैं।
रक्षाबंधन पर भद्राकाल
का साया नहीं
श्रावण शुक्ल पूर्णिमा पर 28 अगस्त को बेहद उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना करेंगी। सबसे राहत की बात यह है कि इस बार रक्षाबंधन पर भद्राकाल का साया नहीं रहेगा, जिससे बहनें पूरे दिन शुभ मुहूर्त में राखी बांध सकेंगी। नगर पंडित पंकज तिवारी के मुताबिक ब्रह्म मुहूर्त से सुबह 10.27 मिनट तक, दोपहर 12.07 बजे से 01.36 मिनट तक, अपराह्न के बाद सायंकाल: शाम 4.45 बजे से 6.19 मिनट तक, रात्रि 9.10 बजे से 10.36 मिनट तक का मुहुर्त शुभ है।