महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अगस्त। सावन के अंतिम सोमवार को सिरपुर समेत अंचल शिवमय रहा। सिरपुर में गंधेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए कांवडिय़ों की लंबी लाइन लगी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हजारों की संख्या में पहुंचे कांवडिय़ों की कतारें बस स्टैंड तक लगी रही। सिरपुर में चारों ओर केवल कांवडिय़े ही नजर आ रहे थे। जलाभिषेक के लिए अधिकांश कांवडिय़े रविवार को ही पहुंच गए थे और व्यवस्था अनुसार अपनी ठिकाना बना लिए थे।
सोमवार की सुबह-सुबह स्नान के बाद कांवडिय़ों ने गंधेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया, जो दोपहर तक चलता रहा। इसके बाद श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही। कांवडिय़ों और श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण प्रतिदिन होने वाली श्रावणी पूजा अभिषेक संध्या बेला में किया गया और मध्यान्ह आरती रात में हो सकी। इस दौरान हर हर महादेव, बोल बम का जय घोष गुंजित होता रहा।
गंधेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी अमन गिरी गोस्वामी के मुताबिक सुबह प्रात: कालीन पूजा के बाद 4.30 बजे कांवडिय़ों के लिए पट खोल दिया गया। तब से लगातार जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा। इसी तरह प्रसिद्ध शिव मंदिरों दलदली, बम्हनी, कनेकेरा में भी लंबी लाइन श्रद्धालुओं की लगी रही।
इसके अलावा नगर के शिवालियों में भी श्रद्धालु लगातार पहुंचकर दर्शन लाभ लेते रहे। सिरपुर के कर्मा भवन में साहू समाज द्वारा व बोल बम शेड में भंडारे की व्यवस्था की गई थी। जिसमें हजारों ने भोजन प्रसादी ग्रहण किया। बोल बम समिति में अंतिम रविवार को भोजन की व्यवस्था अमर अरुण चंद्राकर, महाकाल ग्रुप, महामाया ग्रुप महासमुंद की ओर से की गई थी।
स्थानीय महामाया मंदिर में एक माह की श्रावणी पूजा व हवन किया जा रहा है। सीता मनोज कांत साहू द्वारा आयोजित इस अनुष्ठान में आचार्य पं. पंकज तिवारी के पुरोहितों सूर्या महाराज, रिकेश दुबे, अंकित दुबे, दिनेश चौबे आदि द्वारा प्रतिदिन पूजा अभिषेक कराया जा रहा है। जिसमें नगरवासी पहुंचकर दर्शन लाभ ले रहे हैं। अभिषेक में पहुंचने वाले श्रद्धालु यहां प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर पूजा अर्चना कर रहे हैं।
ग्राम खरोरा स्थित प्रसिद्ध तामकेश्वर महादेव मंदिर में कल सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिव भक्तों ने देवों के देव महादेव की विधि-विधान से जलाभिषेक व पूजा-अर्चना कर जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के पश्चात मंदिर समिति और ग्रामीणों के सहयोग से विशाल प्रसाद वितरण भंडारा का आयोजन किया गया। सुबह 7 से लेकर शाम 4 बजे तक लगातार 9 घंटे चले इस भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर हेमू चंद्राकर, पन्नालाल बांधे, झमन चंद्राकर, हेमंत चंद्राकर, रूपेश्वर बांधे,भूषण चंद्राकर, बडू चंद्राकर, रूपेश चंद्राकर, ज्योति धीवर, सभ्या धीवर सहित अन्य मौजूद थे।