महासमुन्द

सशिमं के भैया-बहनों ने किया जलाभिषेक
25-Aug-2026 4:18 PM
सशिमं के भैया-बहनों ने किया जलाभिषेक

थानेश्वर महादेव में 51 फ़ीट लम्बी कांवड़ यात्रा निकाल किया जलाभिषेक

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

पिथौरा, 25 अगस्त। सावन के अंतिम सोमवार को  पिथौरा नगर पूरी तरह शिव की भक्ति में लीन नजर आया। नगर में एक के बाद एक भव्य कांवड़ यात्राओं का आयोजन किया गया, जिसने धर्म और संस्कृति का अद्भुत संगम दिखा।

सरस्वती शिशु मंदिर के भैया बहनों एवं आचार्यों द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यालय से गंगाजल लेकर थानेश्वर महादेव तक कांवड़ यात्रा निकाल कर जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर के सामने शिव तांडव पेश कर उपस्थित सैकड़ों शिव भक्तों को झूमने को मजबूर कर दिया। विद्यालय के करीब दो दर्जन भैया बहनों ने कांवड़ उठाया

  इसके अलावा श्री थानेश्वर मंदिर सेवा समिति के द्वारा 51 फीट की विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसकी शुरुआत परसापाली जलाशय से पवित्र जल भरकर बोल बम, हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारों के साथ की गई। कांवर यात्रा के दौरान नगर के सामाजिक जनों के द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों पर कांवरियों के स्वागत के लिए जलपान और फलों की व्यवस्था की गई थी। वहीं रैली के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

दोनों यात्राएं नगर के मुख्य मार्गो से भ्रमण करते हुए श्री थानेश्वर मंदिर पहुंची,  जहां मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में 11 कलशों के पवित्र जल से भगवान थानेश्वर महादेव का विशेष महा-अभिषेक और पूजन कर यात्रा का विधिवत समापन किया गया।

इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी विद्यालय के आचार्यगण नगर के गणमान्य नागरिक समाजसेवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट