महासमुन्द

करनापाली स्कूल में शिक्षकों की कमी, विद्यार्थियों का चक्काजाम
25-Aug-2026 4:11 PM
करनापाली स्कूल में शिक्षकों की कमी, विद्यार्थियों का चक्काजाम

आश्वासन पर माने

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद, 25 अगस्त। महासमुंद जिले के ग्राम करनापाली में स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी के विरोध में सोमवार को विद्यार्थियों ने लम्बर-बड़े साजापाली मार्ग पर पंचायत भवन के समक्ष एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शिक्षकीय व्यवस्था का समाधान किया।

विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में पूर्व से पदस्थ एक शिक्षक के स्थानांतरण और एक शिक्षिका को अन्यत्र संलग्न (अटैच) किए जाने के कारण अध्यापन कार्य प्रभावित हो रहा था। करनापाली विद्यालय में बालवाड़ी से कक्षा 5वीं तक कुल 93 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित होने के कारण विद्यार्थियों ने सडक़ पर बैठकर अपनी मांग प्रशासन के समक्ष रखी।

चक्काजाम की सूचना मिलने पर भंवरपुर चौकी पुलिस बल के साथ तहसीलदार और विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी मांगें सुनीं।

प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्यत्र व्यवस्था में भेजी गई शिक्षिका को पुन: करनापाली विद्यालय में पदस्थ करने के निर्देश दिए गए, जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। ग्रामीणों ने विद्यालय में छात्र संख्या के अनुपात में स्थायी शिक्षकों की पदस्थापना की मांग की है।


अन्य पोस्ट