महासमुन्द

खड़ी हाइवा से टकराई कार, परिवार के 6 जख्मी, 2 गंभीर को रायपुर भेजा
25-Aug-2026 4:08 PM
खड़ी हाइवा से टकराई कार, परिवार के 6 जख्मी,  2 गंभीर को रायपुर भेजा

महासमुंद, 25 अगस्त। रायपुर मार्ग स्थित खरोरा तालाब हनुमान मंदिर के समीप सोमवार को तेज रफ्तार कार खड़ी हाइवा से टकरा गई। इससे कार में सवार एक ही परिवार के 6 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 की स्थिति गंभीर होने की वजह से उसे प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल रायपुर भेज दिया गया। शेष घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

जिला अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद के सुभाष नगर वार्ड 16 निवासी चौहान परिवार सोमवार को रायपुर जिले के गुखेरा आरंग अपने रिश्तेदार के तिजनहावन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार क्रमांक सीजी 04 एलजी 0658 से जा रहा था। कार ने शहर को पार ही किया था कि ग्राम खरोरा टामकी तालाब के समीप खड़ी एक हाइवा से अनियंत्रित होकर टकरा गई। ठोकर इतनी जबर्दस्त थी कि कार का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इससे कार का गेट तथा एक पहिया अलग होकर दूर जा गिरा। हादसे में गणेश सिंह चौहान पिता शंकर 46 वर्ष, दीपक चौहान पिता संतोष 30 वर्ष, सरोज चौहान पिता गणेश 35 वर्ष, शुभांगी चौहान पिता गणेश, आयान सिंह चौहान पिता गणेश तथा तनिश चौहान पिता जनक सिंह 17 वर्ष घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समीप ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया तथा उपचार शुरू किया गया। लेकिन दीपक तथा शुभांगी को कमर, पैरों, चेहरे पर गंभीर चोटे आने की वजह से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।


अन्य पोस्ट