महासमुन्द

जनसमस्याओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन, साव को दिखाए काले झंडे
23-Aug-2026 7:47 PM
जनसमस्याओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन, साव को दिखाए काले झंडे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 अगस्त। क्षेत्र की बदहाल सडक़ों, पेयजल समस्या, और लंबित विकास कार्यों की उपेक्षा के विरोध में कल महासमुंद में कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के निर्देशानुसार कांग्रेस नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक, महासमुंद में राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी,पीएचई तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव को काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जैसे ही उपमुख्यमंत्री का काफिला नेहरू चौक पहुंचा, पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लहराते हुए ‘अरुण साव वापस जाओ’ के नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की उपेक्षा, सडक़ों का पुनर्निर्माण (लोक निर्माण विभाग बीटीआई रोड , तथा तुमगांव रोड सहित महासमुंद शहर की अनेक सडक़ें पूरी तरह खस्ताहाल एवं जर्जर हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त अछरीडीह से बिरकोनी, बिरकोनी से बडग़ांव, खट्टी कोना की सडक़ तथा बागबहरा से झलप की सडक़ों पर गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन विभाग पूरी तरह आंखें मूंदे बैठा है। जल जीवन मिशन में भारी लापरवाही (लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत पानी की टंकियों का काम ठप पड़ा है।

वर्तमान में केवल 20 से 30 फीसदी पानी टंकियां ही चालू हो सकी हैं, जबकि 70 फीसदी से अधिक कार्य अधूरा है, जिससे ग्रामीण व शहरी जनता पानी की किल्लत से परेशान हो रही है।

 नगरीय प्रशासन एवं बुनियादी ढांचा (नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग महासमुंद शहर के कनाल रोड के निर्माण की पूर्ण स्वीकृति तुरंत जारी की जाए। शहर को आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने हेतु बायपास रोड और आधुनिक नया बस स्टैंड के निर्माण को अविलंब मंजूरी दी जाए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद की जनता पिछले लंबे समय से बदहाल सडक़ों, धूल-मिट्टी और गहराते पेयजल संकट से जूझ रही है। विभागीय मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद केवल खोखले आश्वासन मिले हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के पास संबंधित सभी प्रमुख विभाग होने के बाद भी महासमुंद की उपेक्षा की जा रही है। अगर शहर की बुनियादी समस्याओं और स्वीकृत निर्माण कार्यों में तेजी नहीं लाई गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने कहा कि भाजपा सरकार बुनियादी सुविधाओं को लेकर पूरी तरह उदासीन है। महासमुंद की बीटीआई रोड व तुमगांव रोड जैसी मुख्य सडक़ें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और पानी की टंकियां सफेद हाथी साबित हो रही हैं। जब तक इन मांगों पर स्वीकृति नहीं मिलती, कांग्रेस कमेटी जनता की आवाज बनकर सडक़ से सदन तक लड़ाई लड़ती रहेगी।

विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, दाऊलाल चंद्राकर, संजय शर्मा, खिलावन साहू, अन्नू चन्द्राकर, शहर महामंत्री निर्मल जैन, तुलसी साहू, अमन चन्द्राकर, ढेलू निषाद, सोमेश दवे, मिंदर चावला, तबरेज खान, दिलीप जैन, सचिन गायकवाड़, शकील खान, पार्षद जय देवांगन, कुणाल चन्द्राकर, आवेज खान, अक्षय साकरकर, अनुराग चंद्राकर, आकाश निषाद, राहुल लालवानी, खेमराज ध्रुव,  जयश्री दास, लक्ष्मी सोनी, लीलू साहू, सतीश कन्नौजे, दीपक चंद्राकर, मंसूर खान, अब्दुल जावेद, भानु सोनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट