महासमुन्द

सब्सिडी में बोर-सोलर मोटर का झांसा दे किसानों से ठगी, जुर्म दर्ज
22-Aug-2026 7:40 PM
सब्सिडी में बोर-सोलर मोटर का झांसा दे किसानों से ठगी, जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 अगस्त। आदिवासी किसानों को सरकारी योजना के तहत रियायती दर पर बोर खनन और सोलर मोटर उपलब्ध कराने का भरोसा देकर रकम लेने का मामला सामने आया है।

 जिले के ग्राम बीरसिंगपाली के सात किसानों से कथित तौर पर कुल 1 लाख 75 हजार रुपए ठग लिए। लेकिन रकम लेने के बाद न तो बोर खनन कराया गया और न ही सोलर मोटर उपलब्ध कराई गई। तीन माह से अधिक समय बीतने के बाद भी राशि वापस नहीं मिलने पर किसानों ने पुलिस से शिकायत की।  इस मामले में बसना पुलिस ने ग्राम खेमड़ा निवासी उमाशंकर तिवारी के खिलाफ  अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इसकी शिकायत ग्राम बीरसिंगपाली निवासी धुबल सिदार ने की है।

 शिकायत के मुताबिक मई 2026 में उमा शंकर तिवारी बीरसिंगपाली पहुंचा था। उसने ग्रामीण किसानों को बताया कि आदिवासी किसानों के लिए सरकार की ओर से सब्सिडी पर बोर खनन कराया जा रहा है। बोर के साथ सोलर मोटर भी योजना के तहत मुफ्त में उपलब्ध कराने की बात कही गई। इसके लिए प्रत्येक किसान से 25 हजार रुपए अग्रिम राशि मांगी गई और राशि जमा करने के 10 दिन के भीतर बोर खनन कर सोलर मोटर लगाने का भरोसा दिलाया गया। सरकारी योजना का लाभ मिलने की उम्मीद में किसानों ने आरोपी की बात पर भरोसा कर रकम दे दी।

शिकायत अनुसार धुबल सिदार ने 30 मई 2026 को अपने जिला सहकारी बैंक खाते से फोन पे के माध्यम से 25 हजार रुपए, उमा शंकर तिवारी के मोबाइल नंबर पर भेजे। इसी दिन सुरेश जगत ने भी 25 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। वहीं अन्य किसानों ने भी निर्धारित 25-25 हजार रुपए नकद दिए। रकम लेने के बाद तय समय पर काम शुरू नहीं हुआ। किसान बोर खनन और सोलर मोटर लगाए जाने का इंतजार करते रहे। जब कई सप्ताह बीत गए तो किसानों ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर काम कराने अथवा रकम लौटाने की मांग की। शिकायत में आरोप है कि इसके बावजूद न तो बोर खनन कराया गया और न ही किसानों की जमा राशि वापस की गईं।

देखते ही देखते तीन माह से अधिक समय गुजर गया। शिकायत में धुबल सिदार के अलावा चित रंजन जगत, महातम जगत, रोहित जगत और सुरेश जगत सहित अन्य किसानों द्वारा रकम दिए जाने का उल्लेख किया गया है। किसानों का आरोप है कि उन्हें सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर राशि ली गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दस्तावेजों, लेनदेन और अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल बसना पुलिस मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट