महासमुन्द

जब्त 300 किलो पनीर अमानक, गड्डा खोदकर नष्ट किया
21-Aug-2026 4:09 PM
जब्त 300 किलो पनीर अमानक, गड्डा खोदकर नष्ट किया

रायपुर लैब की जांच रिपोर्ट में पष्टि छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा में बेच रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,21 अगस्त। छग में एनालॉग पनीर की बिक्री पर बैन के बावजूद महासमुंद के भलेसर मार्ग स्थित वैद्य फूड्स की फैक्ट्री में बिक्री की शिकायत के बाद लिए गये सैंपल की रिपोर्ट आ चुकी है। यहां से रायपुर स्थित प्रयोगशाला में सैंपल जांच के लिए भेजे गए पनीर में स्टार्च, शुगर और फ ॉरेन फैट मिलने की पुष्टि हुई है। यह अमानक पाया गया है। रिपोर्य में कहा गया है कि यह शरीर के लिए खतरनाक है।

गौरतलब है कि इस फैक्ट्री में लंबे समय से एनालॉग पनीर बनाया जा रहा था। विभाग में शिकायत के बाद जब कार्रवाई नहीं हुई तो कलेक्टर से इसकी शिकायत की गई। तब कहीं जाकर बीते 17 अगस्त की आधी रात 12 बजे मस्समुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूट्स में तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार हरीश ध्रुव, खाद्य एवं औषधि विभाग और पुलिस की टीम ने दबिश दी। वहां से 300 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया गया। पनीर का नमूना जांच के लिए रायपुर भेजा गया था। यह असुरक्षित पाया गया है। नमूना असुरक्षित पाए जाने पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई की है। अधिगृहित खाद्य पदार्थों को नियमानुसार कल गुरुवार को नष्ट कराया गया। संबंधित फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। फूड फैक्ट्री से जब्त एनालॉग पनीर को गड्डा खोदकर वहीं दफन कर नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

जांच में पता चला है कि वैद्य फूड फैक्ट्री के एनालॉग पनीर की सप्लाई सबसे ज्यादा ओडि़शा राज्य में होती थी। इसके अलावा अन्य जिलों में भी इसकी सप्लाई की जा रही थी। अभिहित अधिकारी उमेश वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सरायपाली,बागबाहरा, पिथौरा, झलप में भी एनालॉग पनीर बेचा जा रह्य है। यह शुगर व अन्य बीमार मरीजों के लिए घातक साबित हो रहा है। बहरहाल विभाग सरायपाली,बसना में फोकस कर रहे हैं।

जानकारी अनुसार भलेसर रोड पर वैद्य फूड फैक्ट्री 10 साल से संचालित थी। इसकी शिकायत खाद्य एवं औषधि विभाग के अफसरों से की थी। लेकिन टीम ने न तो जांच की, न ही यहां से सैंपल लिया। कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद छापामार कार्रवाई की गई।

खाद्य एवं औषधि अधिकारी उमेश वर्मा ने बताया कि जिले की 7 जगहों से सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए थे। इनमें 3 की रिपोर्ट आ चुकी है। बसना के कश्यप ऑर्गनिक से लिए गए पनीर और यही के नमूने जांच में अमानक सब स्टैंडर्ड पाए गए हैं। इस महीने लिए गए नमूनों में सरायपाली के क्षीरसागरम स्वीट्स पनीर एवं पेड़ा, बागबाहरा के यश फैमिली रेस्टोरेंट पनीर और हर्षद मिष्ठान से पेड़े की जांच रिपोर्ट आना अभी बाकी है।

उमेश वर्मा खाद्य एवं औषधि अधिकारी के अनुसार महासमुंद के वैद्य फूड्सफैक्ट्री में एनालॉग पनीर बनाने की पहले भी शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई।

सैंपल जांच में असुरक्षित पनीर पाया गया है। फैक्ट्री का लाइसेंस किस एनालॉग पनीर और पनीर बनाने दोनों के थे। फै क्ट्री की उत्पादन क्षमता कितनी थी और कहां-कहां सप्लाई होती थी जैसे सवालों पर उनका कहना था कि यह जांच के बाद ही बता सकूंगा।


अन्य पोस्ट