महासमुन्द

पदोन्नति में टेट की अनिवार्य शर्त को शिथिल करने की मांग
20-Aug-2026 3:42 PM
पदोन्नति में टेट की अनिवार्य शर्त को शिथिल करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह के मार्गदर्शन प्रांताध्यक्ष संजय ठाकुर के निर्देशन में कल कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी एवं रायपुर जिलाध्यक्ष मनीष देवांगन द्वारा संचालक को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकीय पदों की विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया में शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्य शर्त को तत्काल शिथिल करने की पुरजोर मांग की है।

कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी ने कहा कि विभागीय पदोन्नति शिक्षकों का स्वाभाविक अधिकार है। वर्षों से सेवारत शिक्षकों पर अचानक सीधी भर्ती के नियम थोपना अनुचित है। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ मांग करता है कि राज्य सरकार अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए पुरानी पारदर्शी व्यवस्था के तहत ही शीघ्र पदोन्नति संपन्न कराए।

छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ ने संवेदनशील एवं न्यायपूर्ण निर्णय की अपेक्षा व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव, संचालक लोक शिक्षण एवं छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष से तत्काल राहतकारी दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।


अन्य पोस्ट