महासमुन्द

भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने रूपकुमारी से की मुलाकात
20-Aug-2026 3:25 PM
भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने रूपकुमारी से की मुलाकात

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर दी बधाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 अगस्त। महासमुंद जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने बसना स्थित भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी के निजी निवास पहुंचकर उनसे आत्मीय भेंट की। इस दौरान जिला महिला मोर्चा की ओर से श्रीमती चौधरी का अभिनंदन किया गया और उन्हें प्राप्त नवीन राष्ट्रीय दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद की बेटी को महिला मोर्चा में राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव और हर्ष का विषय है। इस अवसर पर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। उन्होंने रूपकुमारी चौधरी के नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

मुलाकात के दौरान महिला मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार और गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश से जिला, जिला से मंडल और मंडल से बूथ स्तर तक संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता की बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर विशेष चर्चा हुई। इसके साथ ही महिलाओं से निरंतर संवाद स्थापित करने तथा संगठन की विचारधारा और जनसेवा से जुड़े कार्यों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

मुलाकात के दौरान महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। महिलाओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित करनेए उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं को समझने तथा संगठन के माध्यम से जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसके लिए मंडल और बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर सम्पत अग्रवाल विधायक बसना,सरला कोसरिया सदस्य महिला आयोग, पुष्पलता चौहान प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, मोगरा पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष, उषा पटेल पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, तारेश्वरी नायक जिला महामंत्री महिला मोर्चा, सरस्वती पटेल नगर पालिकाध्यक्ष, लक्ष्मी पटेल जनपद अध्यक्ष, शशि पटेल जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, सीमा नायक जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, अनिता टांडी जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, कुमारी भास्कर जिला पंचायत सदस्य समेत अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट