महासमुन्द
महासमुंद, 20 अगस्त। राष्ट्रीय अंधत्व व अल्पदृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत महासमुंद विकासखंड के ग्राम पीढ़ी, लहंगर निवासी स्व.उत्तराबाई चंद्राकर (65) का 19 अगस्त को नेत्रदान किया गया। निधन के बाद पुत्र पंकज चंद्राकर ने नेत्रदान का निर्णय लिया। इससे दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी आने की उम्मीद है। सिटी नर्सिंग होम व आई केयर महासमुंद की नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ.रितू बजाज ने नेत्रदान की सूचना नेत्र विभाग को दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आई.नागेश्वर राव के निर्देशन में प्रक्रिया पूरी हुई। डॉ.बसंत महेश्वरी के सहयोग से काम आगे बढ़ा। नेत्रदान अधिकारी व नेत्ररोग विशेषज्ञ डॉ.अनिल कुमार गोरियार के नेतृत्व में मंगलवार को सिटी नर्सिंग होम में नेत्रदान प्राप्त किया गया।
इस मौके पर दाता परिवार को अभिनंदन प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। नेत्रदान दल में अवधेश कुमार यादव, उमेश कुमार गोतमारे शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मृत्यु के छह घंटे के भीतर नेत्रदान कराया जा सकता है। इसमें पूरी आंख नहीं निकाली जाती। जरूरी नेत्र ऊतक कॉर्निया का संग्रहण किया जाता है। उन्होंने आमजन से नेत्रदान के लिए आगे आने की अपील की।