महासमुन्द

दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला को बंधक बना लूट, 2 फरार
20-Aug-2026 3:11 PM
दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला  को बंधक बना लूट, 2 फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 अगस्त। शहर के कडऱापारा वार्ड 9 में दिनदहाड़े घर में घुसकर दो अज्ञात बदमाशों ने अकेली महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने महिला के मुंह और हाथ बांध दिए, गले पर चाकू अड़ाया और सोने-चांदी के जेवरात के साथ कार की चाबी लेकर फरार हो गए। इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। समाचार लिखते तक पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पीडि़ता कुमारी बाई साहू ने बागबाहरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी बेटी धानेश्वरी साहू के साथ लखविंदर सिंह के मकान में किराए से निवास करती हैं। घटना 18 अगस्त की है। उस दिन उनकी बेटी ड्यूटी पर गई हुई थी। दोपहर के वक्त पीडि़ता घर में बिल्कुल अकेली थीं और किचन में घरेलू कामकाज में व्यस्त थीं। तभी उन्होंने खिडक़ी से एक अनजान व्यक्ति को मकान की छत की सीढिय़ों से नीचे उतरते देखा।

पुलिस के मुताबिक अचानक घर के भीतर किसी को आते देख पीडि़ता घबरा गईं। डर के मारे उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा खोल दिया। बदमाशों ने घर में प्रवेश के लिए छत के रास्ते का इस्तेमाल किया था। पीडि़ता ने पहले ही एक व्यक्ति को छत की सीढिय़ों से उतरते देखा था। इससे साफ  है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से घर में घुसे थे। जान से मारने की धमकी देकर महिला के गले में पहना हुआ सोने का लॉकेट भी लूटा है।

पुलिस का कहना है कि दर्ज बयान के अनुसार जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला, दो अज्ञात बदमाश घर में घुस आए। बिना देर किए महिला को गिरफ्त में लिया। उनके ही दुपट्टे से उनके हाथ और मुंह बांध दिए। फिर बदमाशों में से एक आरोपी कमरों में कीमती सामान तलाशने लगा। कुछ ही देर बाद बाहर आया और महिला के गले पर चाकू अड़ा दिया। जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने उनके गले में पहना सोने का लॉकेट जबरन खींचकर निकाल लिया। लॉकेट में सात सोने के दाने भी पिरोए हुए थे। सात सोने के दाने लगभग 10 ग्राम वजन था। इसके अलावा चांदी का कंगन, कार की चाबी लेकर चंपत हो गए। वारदात के बाद आरोपियों ने बाहर से घर का दरवाजा बंद कर दिया।

महासमुंद एडिशनल एसपी सुशील नायक ने बताया कि संदिग्धों को पकड़ा गया है। मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे। घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने पीडि़ता की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ  लूट और बलपूर्वक बंधक बनाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। जल्द से जल्द इन शातिर बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजा जा सकेगा।

संदेहियों से पूछताछ

महिला से लूट की घटना मंगलवार दोपहर 1 बजे की है। आज समाचार लिखते तक गुरुवार सुबह तक बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। हालांकि पुलिस जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं जुटा पाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहियों से पूछताछ कर रही है।


अन्य पोस्ट