महासमुन्द
महासमुंद, 16 अगस्त। महासमुंद जिले के मुड़मार बांध घूमने गए एक युवक की शनिवार को नहाते समय डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान महासमुंद शहर के वार्ड नंबर 26 क्लब पारा निवासी प्रणय गुर्वेकर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रणय गुर्वेकर 15 अगस्त की दोपहर अपने करीब पांच दोस्तों के साथ मुड़मार बांध घूमने गया था। इस दौरान सभी लोग बांध के आसपास मौजूद थे। इसी बीच प्रणय नहाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद वह अचानक डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बांध में युवक की तलाश शुरू कराई गई। काफी प्रयास के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि मृतक मिक्चर का व्यवसाय करता था। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।