महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 अगस्त। महासमुंद जिले के तेन्दूकोना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख 59 हजार 500 रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीडि़त की शिकायत पर तेन्दूकोना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार ग्राम तेन्दूकोना निवासी शिवप्रताप सिंह ठाकुर होटल व्यवसाय करते हैं। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को सुबह करीब 11.40 बजे वे अपने परिवार के साथ रतिपाली, ओडिशा गए थे। घर में उस समय कोई नहीं था। परिवार ने घर के मुख्य गेट और परछी के दरवाजे पर ताला लगाया था। जबकि अंदर के दोनों कमरों में ताला नहीं लगाया गया था।
इसके बाद 12 अगस्त की ही रात करीब 8 बजे परिवार वापस घर पहुंचा। मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर जाने पर परछी के दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली। दरवाजे का ताला जमीन पर पड़ा था। परिवार को घर में चोरी होने का संदेह हुआ।
प्रार्थी शिवप्रताप सिंह के अनुसार उनके पुत्र और बहू के कमरे में रखी आलमारी का दरवाजा खुला था और सामान अस्त-व्यस्त था। आलमारी के लॉकर को तोडक़र उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा दूसरे लॉकर में रखी नकदी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई।
पीडि़त ने पुलिस को चोरी गए सामान की सूची भी दी है। जिसमें 3 मंगलसूत्र कीमती करीब 2 लाख रुपए,सोने की 2 बालियां, ईयरिंग, करीब 80 हजार, सोने की 2 अंगूठियां करीब 80 हजार, सोने की 2 फुल्ली करीब 15 हजार,सोने की 1 नथ करीब 20 हजार,सोने की 1 बिंदिया करीब 18 हजार, चांदी की 5 पायल करीब 75 हजार, चांदी का 1 कमरबंद करीब 15 हजार, चांदी की 4 बिछिया सेट करीब 10 हजार, चांदी का 1 सिक्का करीब 1 हजार 500 रुपए, कुल जेवरात की अनुमानित कीमत 5 लाख,14 हजार 500 रुपए बताई गई है। इसके अलावा 45 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं। इस तरह चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत 5 लाख, 59 हजार 500 रुपए बताई गई है।
आवेदक के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया चोरी का अपराध घटित होना पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 331-3, 305, बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस अब घटनास्थल का निरीक्षण, आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। चोरी की वारदात दिन में परिवार की गैरमौजूदगी के दौरान होने से पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि आरोपी को घर खाली होने की जानकारी कैसे मिली?