महासमुन्द
जल्द कार्रवाई का मिला आश्वासन, मांगें पूरी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11अगस्त। शहर के पटरी पार क्षेत्र की जर्जर सडक़ों के पुनर्निर्माण और नई सडक़ निर्माण की मांग को लेकर पटरी पार संघर्ष मोर्चा द्वारा आयोजित दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन रविवार को समाप्त हो गया। पांच आंदोलनकारियों ने तहसीलदार जुगल किशोर पटेल को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
तहसीलदार ने संबंधित विभाग को मांगों से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर पटरी पार क्षेत्र की बदहाल सडक़ों और मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अमरजीत चावला पूर्व पार्षद एवं प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ने कहा कि रेलवे पटरी के उस पार रहने वाली बड़ी आबादी को आज भी विकास की मुख्यधारा से नहीं जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि महासमुंद की लगभग आधी आबादी पटरी पार क्षेत्र में निवास करती है, लेकिन उनकी समस्याओं को प्राथमिकता नहीं दी जाती। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर सडक़, जल निकासी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं 2023 विधानसभा प्रत्याशी डॉ.रश्मि चंद्राकर ने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार को महासमुंद की जर्जर सडक़ें दिखाई नहीं दे रही हैं।
शहर कांग्रेस यक्ष गुरमीत चावला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सडक़ निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पालिका अध्यक्ष बलकांत साहू ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नगर पंचायत तुुमगांव जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है।
सभा को मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष नितेंद्र बनर्जी, पूर्व पार्षद राजू साहू एवं गोपीचंद तारक ने भी संबोधित किया। धरना समाप्ति के अवसर पर तहसीलदार जुगल किशोर पटेल स्वयं धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मांगों को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जावेगी। इस दौरान शहर महामंत्री निर्मल जैन,बृजेंद्र बंजारे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमन चंद्राकर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सोनम बांसोड़, तबरेज खान, एजाज नकवी आदि कांग्रेस जन उपस्थित थे।