महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11अगस्त। वन मंडल महासमुंद अंतर्गत वन परिक्षेत्र महासमुंद में तीन दंतैल हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को तीनों हाथी वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 46 स्थित बांस प्लांट के जंगल में विचरण करते पाए गए। वन विभाग के अनुसार हाथियों का वर्तमान ठिकाना कक्ष क्रमांक 46 का जंगल है।
इन हाथियों के कक्ष क्रमांक 54, 53, 60, 55, 58, 59, 806, 810 तथा 809 की ओर बढऩे की संभावना जताई है। संभावित गतिविधियों को देखते हुए विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। वन विभाग ने केशलडीह, तालाझर, नांदबारूद, सुकुलबाय, खिरसाली, बंदोरा, अचानकपुर, खड़सा, फुसेराडीह आदि गांवों के ग्रामीणों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके अलावा सिरपुर, सेनकपाट,खड़सा एवं लहंगर क्षेत्र के लोगों को भी सावधानी बरतने को कहा गया है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जावेंं।
जानकारी मिली है कि हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग लगातार नजर रख रहा है तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए
आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हाथियों के उपस्थिति की सूचना देने वालों में बीएफओ नेमीचंद बरिहा, हाथी मित्र दल के अनुज कुमार तथा किशन साहू शामिल हैं। ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और वन विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।