महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 11 अगस्त। देवपुर से जल लेकर निकले लगभग 1,500 कांवडिय़ों ने सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने देवपुर से सिरपुर तक लगभग 75 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की।
पिथौरा क्षेत्र से प्रतिवर्ष सावन माह में कांवड़ यात्रा आयोजित की जाती है। इस यात्रा में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल होते हैं। श्रद्धालु देवपुर से जल लेकर पिथौरा मार्ग होते हुए लगभग 75 किलोमीटर पैदल यात्रा कर सिरपुर पहुंचते हैं। समाजसेवी आकाश अग्रवाल के अनुसार, यह यात्रा पिछले पांच वर्षों से आयोजित की जा रही है। यात्रा मार्ग पर स्थानीय लोगों और सेवादारों द्वारा जगह-जगह जलपान, फल और अल्पाहार के स्टॉल लगाए गए थे। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से मेडिकल वैन की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा सेवादारों द्वारा भी चोटिल व पैदल चलने से प्रभावित यात्रियों को प्राथमिक सहायता प्रदान की गई।

