महासमुन्द
महासमुंद,10 अगस्त। महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के सोनापुटी में पुरानी रंजिश और मामूली बात को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। किराना दुकान के पास पान-गुटखा खाने की बात को लेकर उपजे विवाद में आरोपियों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में बीच-बचाव करने गए एक अन्य ग्रामीण को भी चोटें आई हैं।
बागबाहरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना 7 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे की है। पीडि़त तिलक दीवान बजरंग मंदिर के पास अपने साथी भूपेंद्र निर्मलकर के साथ बैठा था। तभी गांव के लेखराम साहू ने दौडक़र बताया कि दुबी चौक पर टिकेश्वर निर्मलकर और सागर निर्मलकर पर चाकू से हमला कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद घायलों को तुरंत मोटरसाइकिल से बागबाहरा सरकारी अस्पताल लाया गयाए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल महासमुंद रेफर कर दिया गया। पीडि़त ने बताया कि गांव के ही शाहिल सतनामी, ईशु डहरे और गौरव डहरे ने जान से मारने की नीयत से टिकेश्वर, सागर ने हमला किया है।