महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अगस्त। पूर्व तट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल ने रविवार को आरंग-महानदी-टिटिलागढ़ सेक्शन का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण में सेक्शन के कई स्टेशनों पर सुरक्षा उपायों, यातायात सुविधाओं, यात्री सुविधाओं और चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों की समीक्षा पर ध्यान केंद्रित किया।
निरीक्षण के दौरान श्री फुंकवाल ने आरंग ,महानदी, महासमुंद, खरियार रोड, नवापारा रोड, हरिशंकर रोड, कांटाबांजी समेत कई स्टेशनों में विभिन्न यातायात सुविधाओं के कार्यों, यात्री सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास परियोजनाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की। महाप्रबंधक ने सुरक्षित और सुचारू ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया और अधिकारियों को आवश्यक सावधानियां बरतने का निर्देश दिया।
श्री फुंकवाल ने यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से चल रही कई इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। इनमें स्टेशनों पर पार्किंग क्षेत्रों, सर्कुलेटिंग क्षेत्रों और लैंडस्केपिंग में सुधार शामिल हैं। उन्होंने विशेष रूप से अमृत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया। जिसका उद्देश्य पूरे नेटवर्क में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाना है।
महाप्रबंधक ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया और यात्रियों के लिए समग्र सेवा गुणवत्ता में सुधार में उनके महत्व को रेखांकित किया। इस निरीक्षण के दौरान सम्बलपुर के मंडल रेल प्रबंधक सुभाष सी चौधरी और रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।