महासमुन्द

पुलिस को देखकर कार चालक बैरियर को टक्कर मारते तेज रफ्तार से भाग निकला, कुछ दूर जाकर एक मकान में जा घुसी
10-Aug-2026 3:12 PM
पुलिस को देखकर कार चालक बैरियर को टक्कर मारते तेज रफ्तार से भाग निकला, कुछ दूर जाकर एक मकान में जा घुसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,10 अगस्त। राज्यपाल के बसना प्रवास के मद्देनजर पलसापाली बेरियर पर की जा रही वाहन जांच के दौरान कल गांजा तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस को देखकर कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय बैरियर को टक्कर मारी और तेज रफ्तार से भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूर ग्राम गढफ़ुलझर में करा एक मकान के भीतर जा घुसी। वाहन से निकलकर भागने की कोशिश कर रहा चालक चोटिल होकर गिर पड़ा। जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

तलाशी में क्रेटा कार के भीतर तीन बोरियों में छिपाकर रखा 25 लाख का गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, क्रेटा वाहन, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट सहित करीब 30.05 लाख रुपए की कुल संपत्ति जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को राज्यपाल के बसना प्रवास के मद्देनजर पलसापाली बैरियर पर सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की सघन जांच चल रही थी। इसी दौरान एक क्रेटा कार पहुंची। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया लेकिन चालक ने रुकने के बजाय बैरियर को टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन को तेज गति से भगाने लगा।

पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू किया। भागते हुए क्रेटा ग्राम गढफ़ुलझर में प्रीतम भोई के मकान के भीतर जा घुसी। टक्कर से मकान का खपरा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक वाहन छोडक़र भागने लगा, लेकिन गिरने से उसके बाएं पैर में चोट लग गई थी। अत: पुलिस ने मौके पर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान आशीष सिंह मध्यप्रदेश, हाल निवासी  दुर्ग के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी लेने पर पीछे तीन बोरियों में मादक पदार्थ मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन क्राइम यूनिट महासमुंद के अधिकारी को मौके पर बुलाया। परीक्षण में बरामद गांजा होना पाया। पुलिस के मुताबिक पीले रंग की 25.100 किलोग्राम,सफेद रंग की 13.100 किलोग्राम तथा सफेद झिल्ली में रखी बोरी से 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस कुल 50.300 किलोग्राम गांजा जब्त गया। जिसकी अनुमानित कीमत करीब लाख रुपए बताई गई है।

कार्रवाई के बाद पुलिस को वाहन से गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई है। पुलिस अब गांजा उपलब्ध कराने वाले मनोज साहू तथा इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने वाहन की वास्तविक नंबर प्लेट हटाकर ओडि़शा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट ओडी 03 पी 7254 लगा रखी थी। इसी बदली हुई पहचान के सहारे गांजे की खेप को ओडि़शा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने मनोज साहू के साथ मिलकर गांजा लाने की योजना बनाई थी। दोनों क्रेटा वाहन से सोनपुर, ओडि़शा पहुंचे थे। वहां एक व्यक्ति से संपर्क करने के बाद वाहन में गांजा लोड कराया गया। इसी दौरान ओडि़शा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट भी उपलब्ध कराई गई। इसके बाद आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गांजे की खेप लेकर छत्तीसगढ़ की ओर रवाना हुए।  बसना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  एनडीपीएस की धारा 20 ख सहित भारतीय न्याय संहिता संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।

महुआ शराब संग दो गिरफ्तार

महासमुंद जिले के सरायपाली बलौदा थाना अंतर्गत हरीबनपुर से पाईकपारा मार्ग पर स्कूटी वाहन में अवैध रूप से महुआ शराब का परिवहन कर रहे दो व्यक्तियों को पुलिस ने 110 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल वाहन व एक नग मोबाइल भी आरोपियों से जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बलौदा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की स्कूटी में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लेकर ग्राम हरीबनपुर से ग्राम पाईकपारा की ओर जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा ग्राम हरीबनपुर से ग्राम पाईकपारा जाने वाले कच्ची मार्ग पर जांच कार्रवाई शुरू की गई। कुछ समय बाद एक बिना नम्बर स्कूटी में सवार दो व्यक्ति सामने से आये। संदिग्ध स्कूटी सवारों को रोककर नाम पता पूछताछ करने पर अपना नाम योगेश चौधरी व किशन भोई दोनों निवासी कुटेला थाना सरायपाली का होना बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी में रखी 02 प्लास्टिक बोरियों के अंदर डिब्बों में दो नंबर प्लेट भी मिलीं।


अन्य पोस्ट